पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • एमआईटीएस कॉलेज बना फुटबाॅल चैंपियन

एमआईटीएस कॉलेज बना फुटबाॅल चैंपियन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मेजबानएमआईटीएस कॉलेज की टीम आरजीपीवी की अंतर महाविद्यालयीन फुटबॉल टूर्नामेंट में चैंपियन बनी। उन्होंने टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में आईटीएम कॉलेज काे शिकस्त देकर विजयी ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। टूर्नामेंट का समापन कॉलेज के प्रो. एलके जैन ने विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कार प्रदान कर किया। इस मौके पर प्रो. आलोक शर्मा, राजेंद्र सिंह, आशाराम शर्मा और कॉलेज के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. बीपीएस भदौरिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। एमआईटीएस कॉलेज के खेल मैदान पर खेले गए टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में मेजबान और आईटीएम की टीम आमने-सामने हुईं। कांटे के इस मुकाबलों में दोनों टीमों के बीच अच्छी फुटबॉल देखने को मिली। दोनों ही टीमों ने मैच में प्रारंभिक समय से एक-दूसरे पर दबाब बनाने के लिए ताबड़तोड़ हमले बोले। लेकिन दोनों में से किसी को भी सफलता हाथ नहीं लगी। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोलरहित रहीं। इसके बाद मैच के निर्णय के लिए पेनाल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया, जिसमें एमआईटीएस टीम का पलड़ा भारी रहा। उन्होंने शानदार खेल दिखाते हुए 4-3 के अंतर से मैच और ट्रॉफी अपने नाम कर ली। विजयी टीम की तरफ से रोहन आहुजा जीत के शिल्पकार बने। आयोजन सचिव एवं क्रीड़ा अधिकारी श्री भदौरिया ने बताया कि अब इस टूर्नामेंट से श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन ग्वालियर नोडल टीम के लिए होगा। इसके बाद चयनित टीम अक्टूबर में इंदौर के मालवा कॉलेज में होने वाली फुटबॉल टूर्नामेंट मे अपने खेल का प्रदर्शन करेगी।

आरजीपीवी अंतर महाविद्यालय फुटबॉल टूर्नामेंट में आईटीएम कॉलेज को पेनाल्टी शूटआउट में हराया, टूर्नामेंट से चयनित ग्वालियर नोडल टीम अब इंदौर में अपना खेल दिखाएगी