ग्वालियर. जेसी मिल गेट के सामने स्थित 200 क्वार्टरों की बिजली बगैर सूचना दिए काटने से गुस्साए लोगों ने सड़क पर ट्रैफिक जाम कर बिजली अफसरों के खिलाफ नारेबाजी शरू कर दी। बिजली अमला बुधवार सुबह करीब 11 बजे कनेक्शन काटकर चला गया था, लेकिन इस दौरान पुलिस के लिए परेशानी खड़ी हो गई।
लोगों के जाम और हंगामा करने के कारण पुलिस को ट्रैफिक डायवर्ट कराना पड़ा। बताया गया है कि इन क्वार्टरों में कटिया डालकर बिजली का उपयोग किया जा रहा था। बुधवार को पुलिस ने खुद बिजली अमले को साथ लेकर कनेक्शन जुड़वाए। तब डेढ़ घंटे तक चला हंगामा खत्म हुआ।
जेसी मिल गेट के सामने स्थित 200 क्वार्टरों की बिजली बुधवार को तानसेन जोन के अमले ने काट दी थी। यहां पहले क्वार्टरों में कटिया डालकर सप्लाई चल रही थी और नई केबल भी डाल दी गई थी। पुरानी 11 केवी लाइन को बुधवार को निकलवाते ही लोगों की बिजली चली गई। कनेक्शन काटने के बाद बिजली अमला तो चला गया लेकिन मौके पर दोपहर करीब एक बजे गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। चक्काजाम देखकर और फोर्स मौके पर बुलाया। पौने दो घंटे हंगामे के बाद पुलिस ने कनेक्शन जुड़वाए तब हंगामा खत्म हो सका। टीआई हजीरा जेपी भट्ट ने बताया कि बिजली अफसरों ने तो बिना सूचना दिए बिजली काट दी। लोगों का गुस्सा पुलिस को झेलना पड़ा। बाद में पुलिस ने कनेक्शन जुड़वाए।