ग्वालियर. नगर निगम का मदाखलत अमला बुधवार को इंदरगंज चौराहे पर खड़े हाथ ठेलों को हटाने के लिए पहुंचा। लेकिन अमले के आने की सूचना हाथ ठेला व्यवसायियों को पहले ही लग गई। कार्रवाई होने से पहले ही फल और सब्जी के हाथ ठेले वाले चौराहे के आसपास की गलियों में घुस गए।
ट्रैफिक की रफ्तार में बाधक बन रहे अस्थायी अतिक्रमणों के खिलाफ दैनिक भास्कर ने समाधान मिलजुलकर सीरीज की शुरुआत की है। निगम के मदाखलत निरीक्षक श्याम शर्मा अमले को लेकर इंदरगंज थाना पहुंचे। मदाखलत अमले ने इंदरगंज चौराहे पर जैन मंदिर के आसपास खड़े हाथ ठेलों फूल माला बेचने वालों को हटाकर सामान जब्त किया। हालांकि अधिकांश ठेले कार्रवाई करने से पहले गलियों में जाकर घुस हो गए।
साहब हम गरीब हैं, कहां जाएंगे
कर्मियोंने सब्जी के हाथ ठेले का सामान नीचे रखकर ठेला जब्त करने का प्रयास किया। तभी ठेले के पीछे बैठी बुजुर्ग महिला ने मदाखलत कर्मियों से कहा कि साहब हम गरीब लोग हैं, जैसे-तैसे अपना परिवार चलाते हैं। अगर हमको यहां से हटा दोगे तो हम कहां जाएंगे।