रेलवे रिपोर्टर|ग्वालियर
रेलवे रिपोर्टर|ग्वालियर
लापरवाहरेलवे अधिकारियों की पोल बुधवार को झांसी मंडल के डीआरएम नवीन चोपड़ा के सामने खुल गई। श्री चोपड़ा पिछले कुछ दिनों से सीसीटीवी कैमरों के जरिये ऑनलाइन रेलवे स्टेशन पर निगाह रख रहे थे। स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में उन्हें वाहन खड़े दिखाई दिए। डीआरएम ने इस पर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। तुरंत वाहन हटाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने आनन-फानन में वाहन हटवाए।
बुधवार दोपहर करीब 12 बजे श्री चोपड़ा ने रेलवे अधिकारियों को फोन कर सर्कुलेटिंग एरिया में खड़े वाहनों के बारे में पूछताछ की। अधिकारी कोई जवाब नहीं दे सके। वहीं वीआईपी गेट के बाहर आधा दर्जन से अधिक दोपहिया वाहन खड़े थे। साथ ही कई यात्री गेट को घेरकर बैठे थे।
श्री चोपड़ा ने सर्कुलेटिंग एरिया से वाहन और गेट घेरकर बैठे यात्रियों को हटाने के निर्देश दिए। श्री चोपड़ा ने फटकार लगाते हुए कहा कि किसी भी सूरत में सर्कुलेटिंग एरिया में वाहन खड़े नहीं होने चाहिए। उन्होंने वाहन चालकों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। डीआरएम का फोन आते ही रेलवे अधिकारियों ने चेकिंग स्टाफ और आरपीएफ स्टाफ को सर्कुलेटिंग एरिया से वाहन हटाने भेजा। इन्होंने वाहन चालक और यात्रियों को यहां से हटा दिया।