- Hindi News
- संदिग्ध महिला की मौत, डॉक्टर सहित चार और को स्वाइन फ्लू
संदिग्ध महिला की मौत, डॉक्टर सहित चार और को स्वाइन फ्लू
जेएएचसे दिल्ली रैफर की गई फ्लू की संदिग्ध मरीज अनीता दुबे (भिंड) की सोमवार शाम को रास्ते में मौत हो गई। पहले अनीता को जेएएच के स्वाइन फ्लू वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहां से परिजन उसे रैफर कराकर दिल्ली ले जा रहे थे। जेएएच में अनीता का सैंपल ले लिया गया है। वहीं स्वाइन फ्लू के 8 संदिग्ध मरीजों के सैंपल की जांच डीआरडीई ने सोमवार को सीएमएचओ को सौंप दी। रिपोर्ट में एक डॉक्टर सहित चार लोगों को स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हुई है। इनमें तीन ग्वालियर के और एक भिंड का मरीज शामिल हैं। अब तक स्वाइन फ्लू पॉजीटिव तीन और संदिग्ध मरीज अनीता सहित चार की मौत हो चुकी है।
सीपी कॉलोनी में रहने वाली डॉ. एस. जैन को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। बिड़ला अस्पताल में भर्ती लाली मिश्रा गोला का मंदिर, महेश कबदल बिड़ला नगर और भिंड की सुखवीर को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। अब तक सीएमएचओ ग्वालियर ने 21 मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे थे। इनमें से 11 को स्वाइन फ्लू हुआ है।
सरकार उदासीन: कांग्रेस
कांग्रेसके जिलाध्यक्ष डॉ. दर्शन सिंह ने कहा- स्वाइन फ्लू को लेकर प्रदेश सरकार उदासीनता बरत रही है। मुख्यमंत्री विदेश घूमते रहे और प्रदेश में स्वाइन फ्लू फैलता रहा। उन्होंने पत्र भेजकर राज्यपाल रामनरेश यादव से इस मामले की शिकायत की है।
इस बीमारी के उपचार के लिए पंचायत, तहसील और जिला स्तर पर कोई कारगर कदम नहीं उठाए गए हैं। उन्होंने राज्यपाल से इस मामले में कारगर कदम उठाने की मांग की है।
जेएएच में कोल्ड क्लीनिक शुरू, 88 मरीज पहंुचे जिला अस्पताल
जेएएचकी ओपीडी के कमरा नंबर 20 में सर्दी, खांसी और जुकाम के मरीजों के लिए डीन डॉ. जीएस पटेल ने सोमवार को कोल्ड क्लीनिक शुरू किया। इस क्लीनिक में मेडिसिन, पीडियाट्रिक और ईएनटी के डॉक्टर बैठे। पहले दिन 15 मरीजाें का चेकअप किया गया। उधर जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू ओपीडी में 88 मरीज दिखाने आए।
न्यू संजय नगर में कैंप आज
स्वास्थ्यविभाग ऐसे इलाकों में कैंप लगाएगा, जहां स्वाइन फ्लू के मरीज मिले हैं। मंगलवार सुबह 10 बजे न्यू संजय नगर में शिविर लगेगा। स्वाइन फ्लू की मरीज अर्चना भदौरिया इसी इलाके में रहती थीं।
खांसते छींकते समय मुंह पर रखें रूमाल
सीएमएचओडॉ. अनूप कम्ठान ने बताया कि स्वाइन फ्लू संक्रमित बीमारी है। यह वायरस के कारण फैलती है। इससे बचाव ही सुरक्षा का महत्वपूर्ण तरीका है। इसलिए खांसते, छींकते समय मुंह पर रूमाल रखें। संक्रमण होने पर भीड़भाड़ से दूर रहें। किसी को छूने से पहले बाद में साबुन से हाथ धोएं। सामान्य खांसी या जुकाम स्वाइन फ्लू नहीं है। सर्दी, खांसी के साथ तेज बुखार, गले में खराबी और सांस लेने में दिक्कत होना स्वाइन फ्लू के लक्षण हैं।
गायनेकोलॉजिस्ट सहित चार के सैंपल भेजे
धौलपुरसे आई स्वाइन फ्लू पीड़ित सुमन की डिलीवरी कराने वाली एक गायनेकोलॉजिस्ट सहित चार संदिग्ध मरीजों के सैंपल स्वाइन फ्लू की जांच के लिए जेएएच प्रशासन ने डीआरडीई भेजे हैं। इनकी जांच मंगलवार को होगी। वहीं स्वाइन फ्लू की संदिग्ध महिला सिद्धेश्वर नगर मुरार से गंभीर हालत में बिड़ला हॉस्पिटल में भर्ती की है।