पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • जेल में हाई प्रोफाइल कैदियों से बार बार मिलने वाले संदर्शक को हटाया

जेल में हाई प्रोफाइल कैदियों से बार-बार मिलने वाले संदर्शक को हटाया

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ग्वालियर. जेल मेन्युअल का उल्लंघन कर हाई प्रोफाइल बंदियों से मुलाकात करने और अपने रिफरेंस पर इन्हें परिचितों से मिलवाने वाले एक संदर्शक को जेल विभाग ने हटा दिया है। संदर्शक ने पिछले छह माह में 70 बार नियम के विपरीत बंदियों से मुलाकात की या कराई।
मामला सामने आने के बाद जेल प्रबंधन ने इसका कच्चा-चिट्ठा तैयार कर आला अफसरों को भेजा। केंद्रीय जेल से किसी संदर्शक को हटाने का हाल के वर्षाें में यह पहला मामला है।

माधौगंज में रहने वाले गोपाल झा को फरवरी 2013 में तीन वर्षों के लिए जेल संदर्शक बनाया गया था। मूल रूप से इसका काम बंदियों के कल्याण के लिए शासन द्वारा किए जाने वाले कार्याें में मदद करना और बंदियों को जेल में होने वाली समस्याओं से शासन को अवगत कराना था। लेकिन इसने बंदियों के कल्याण के लिए काम कम किए, बल्कि अपने पद और प्रभाव का दुरुपयोग हाई प्रोफाइल बंदियों से मिलने और उनके परिचितों को मिलवाने में ज्यादा किया।
जेल प्रबंधन ने इन्हें इस बारे में पत्र लिखकर चेतावनी दी। श्री झा ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। इसके बाद दो, तीन बार और पत्र जारी किए गए। कलेक्टर और जेल विभाग को भी इस संबंध में पत्र भेजे गए। लेकिन श्री झा के कार्यकलाप में कोई सुधार नहीं आया। जेल प्रबंधन ने इसकी मिलाई का रिकॉर्ड और बंदियों से मिलने के लिए इसके द्वारा लिखे गए पत्रों को आला अफसरों को भेज दिया।
इसके बाद जेल विभाग के उप सचिव दशरथ कुमार ने गोपाल झा को अवांछित गतिविधियां करने और जेल का अनुशासन प्रभावित करने के आरोप के तहत हटा दिया।

यह होते हैं संदर्शक: अशासकीयसंदर्शक का मनोनयन जेल में शासन द्वारा बंदियों की कल्याण के लिए चलाई जाने वाले योजनाओं की देखरेख करने तथा बंदियों के कल्याण के अन्य प्रयास करने के लिए किया जाता है। जेल में कुछ गड़बड़ी होती है तो संदर्शक इसकी शिकायत भी शासन तक पहुंचाते हैं। वर्तमान में केंद्रीय जेल में पांच अशासकीय संदर्शक हैं।

हाई प्रोफाइल बंदियों से की मुलाकात

अशासकीयजेल संदर्शक गोपाल झा बंदियों से बार-बार मिलने के लिए दबाव बनाते थे। इन्होंने हाई-प्रोफाइल बंदियों से ही मुलाकात की और उनके परिचितों से करवाई। इससे अनुशासन को खतरा पैदा हो रहा था, इस वजह से इनकी शिकायत की गई थी। जेल विभाग ने अब उनका मनोनयन निरस्त कर दिया गया है।' दिनेशनरगावे, जेलअधीक्षक, केंद्रीय जेल