निर्माणाधीन दीवार गिरी, युवक घायल
थाटीपुरक्षेत्र में निर्माणाधीन मल्टीस्टोरी बिल्डिंग की दीवार भरभराकर गिर पड़ी। इस घटना में बिल्डिंग के पास खड़ा युवक चोटिल हो गया। युवक को उपचार के लिए चिकित्सालय भिजवाया गया। वहीं घटना को लेकर क्षेत्रीय निवासियों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही नगर निगम के अपर कमिश्नर एमएल दौलतानी मौके पर पहुंच गए। मदाखलत अमले ने मल्टीस्टोरी के अवैध हिस्से को हटा दिया।
थाटीपुर क्षेत्र में भाजपा पार्षद महेश गुप्ता के भाई सुरेंद्र गुप्ता मल्टीस्टोरी बिल्डिंग बना रहे हैं। निगम ने वर्ष 2003 में भवन निर्माण की अनुमति दी थी। भवन स्वामी ने अनुमति से अधिक भवन निर्माण कर लिया था। उक्त बिल्डिंग की छठवीं मंजिल पर दीवार बनाने का काम चल रहा था। सोमवार की सुबह ईंट की दीवार भरभराकर गिर पड़ी। इससे बिल्डिंग के पास में खड़ा युवक राहुल शर्मा चोटिल हो गया। सिर में चोट लगने से उसे उपचार के लिए चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। वहीं इस घटना को लेकर क्षेत्र के लोगों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। दीवार गिरने की सूचना मिलते ही नगर निगम के अपर कमिश्नर एमएल दौलतानी, भवन अधिकारी महेंद्र अग्रवाल मदाखलत अधिकारी शशिकांत नायक मौके पर पहुंच गए। निगम अफसरों ने निर्माणाधीन बिल्डिंग के अवैध हिस्से को हटा दिया।
कर्मचारी नहीं जाएंगे निर्माण की अनुमति देखने
नगरनिगम के अफसरों को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि अनुमति के विपरीत भवन का निर्माण होने पर अनधिकृत तरीके से मदाखलत अमले स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी सिर्फ चेकिंग करने के लिए जाते हैं। बल्कि लोगों को परेशान करते है। इससे निगम की छवि धूमिल हो रही है। अपर कमिश्नर एमएल दौलतानी ने आदेश जारी किए हैं कि अब सिटी प्लानर, भवन अधिकारी, भवन निरीक्षक एवं मदाखलत निरीक्षक निर्माण कार्य की जांच कर सकेंगे। इसके लिए सभी अधिकारियों को परिचय पत्र दिए जाएंगे। इसमें भवन अधिकारियों को लाल रंग, भवन निरीक्षकों को पीले तथा मदाखलत अधिकारियों के हरे रंग के कार्ड होंगे। इसके अलावा कोई अन्य व्यक्ति मकान की जांच करने के लिए आए तो इसकी शिकायत कंट्रोल रूम नंबर 0751-2438306 तथा मोबाइल नंबर 9644400022 पर कर सकते हैं।