पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बिजली निजीकरण के विरोध में पिंटो पार्क पर कांग्रेस का धरना

बिजली निजीकरण के विरोध में पिंटो पार्क पर कांग्रेस का धरना

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ग्वालियर. शहर की बिजली व्यवस्था का निजीकरण किए जाने के विरोध में शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा 19 सितंबर को पिंटो पार्क चौराहे पर धरना दिया जाएगा। यह निर्णय जिला कांग्रेस की साधारण सभा की बैठक में लिया गया। वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य मुन्नालाल गोयल 20 सितंबर को इंदरगंज चौराहे पर एक दिवसीय भूख हड़ताल पर बैठेंगे।

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. दर्शन सिंह ने बताया कि मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह सरकार ने महानगर की बिजली व्यवस्था को ठेके पर दिया है। नगरीय निकाय चुनाव को देखते हुए फिलहाल निजीकरण को तीन माह के लिए टाल दिया है। लेकिन यह समस्या अभी खत्म नहीं हुई। प्रदेश सरकार को निजी कंपनी के साथ हुए अनुबंध को खत्म करना होगा।
इसके अलावा मोंटे कार्लो द्वारा महानगर में जबरिया मीटरों को बदला जा रहा है। जिन उपभोक्ताओं के परिसर में इलेक्ट्रॉनिक मीटर लगे है उन्हें डिजिटल के नाम पर बदला जा रहा है। बैठक में चंद्रमोहन नागौरी, रामवरन सिंह गुर्जर, नेता प्रतिपक्ष शम्मी शर्मा, महाराज सिंह पटेल, अशोक जैन, कुसुम शर्मा, राजकुमार शर्मा आदि मौजूद थे।

वहीं जबरिया मीटर बदलने के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य मुन्नालाल गोयल 20 सितंबर को इंदरगंज चौराहे पर 24 घंटे की भूख हड़ताल पर बैठेंगे। आंदोलन को लेकर बुधवार को जिला न्यायालय के वकीलों की बैठक आयोजित की गई। इसमें सभी ने भूख हड़ताल का समर्थन किया है। बैठक में राकेश पाराशर, श्याम पाठक, श्याम किशोर मिश्रा, जेके जैन, मधुसूदन श्रीवास्तव, यतींद्र पांडे, बलदेव पाठक आदि मौजूद थे।