ग्वालियर. हाट(सब्जी बाजार) को लेकर किसानों ने तैयारी तेज कर दी है। सोमवार को प्रशासनिक अधिकारी किसानों की मौजूदगी में मौका देखेंगे। हाट बाजार का 25 सितंबर को होने वाला शुभारंभ दो-तीन दिन के लिए टल सकता है। ऐसा कृषि महोत्सव का शुभारंभ भी 25 सितंबर को होने के कारण होगा। उल्लेखनीय है कि जिले का पहला किसान हाट बाजार बिरलानगर मनोरंजनालय में चालू होना है।
ग्राम महू अकबरपुर के किसानों के तीन समूह के 60 किसान इन दिनों तैयारी में व्यस्त हैं। रविवार को उद्यानिकी विभाग के अफसर ने भी किसानों से चर्चा की। कलेक्टर पी नरहरि ने बताया कि एडीएम, अपर आयुक्त उद्यानिकी विभाग के अफसर सोमवार सुबह मनोरंजनालय पहुंचेंगे। इस मौके पर चुनिंदा किसान भी बुलाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि किसान महोत्सव के कारण हाट का शुभारंभ एक-दो दिन आगे बढ़ सकता है। उल्लेखनीय है कि अधिकारी इस हाट का शुभारंभ किसी वीआईपी से कराना चाहते हैं। वहीं, अकबरपुर के समूह के अध्यक्ष भूप सिंह ने कहा कि हाट बाजार में किसान शेड, सामान रखने के लिए जगह सहित अन्य सुविधाएं चाहते हैं।
सब्जी किसानों को दिए जाएंगे टिप्स
विभाग सब्जी किसानों को और आत्म निर्भर बनाने के लिए 25 सितंबर से 20 अक्टूबर तक चलने वाले किसान महोत्सव के दौरान महत्वपूर्ण टिप्स देगा। विभाग ने फसल कैप्सूल के नाम से विभागीय वेबसाइट www.mpkrishi.org पर रबी, खरीफ उद्यानिकी की 44 फसलों के टिप्स डाल दिए हैं। इसमें फसल के लिए मौसम, सावधानी, खर्च मुनाफा सभी बातों को समझाया गया है।