- Hindi News
- डॉ. सागर और विंध्यवासिनी उगलेंगे फर्जीवाड़े के नए राज
डॉ. सागर और विंध्यवासिनी उगलेंगे फर्जीवाड़े के नए राज
पीएमटीऔर प्री-पीजी फर्जीवाड़ा रैकेट के बारे में डॉ. जगदीश सागर और विंध्यवासिनी से स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम पूछताछ करेगी। 19 सितंबर को पुलिस दोनों को ग्वालियर लेकर आएगी। यहां इन दोनों के साथ-साथ रैकेट के अन्य सरगनाओं से भी पुलिस पूछताछ कर सकती है। पुलिस डॉ. दीपक यादव को भी रिमांड पर लेकर डॉ. सागर के सामने बैठा सकती है।
प्री-पीजी फर्जीवाड़ा में पकड़े गए गौरव भदौरिया, अमित और अतुल शर्मा ने पुलिस के सामने खुलासा किया था कि इंदौर में रैकेट चलाने वाला डॉ. सागर भी व्यापमं की आंसर शीट पर गोले काले कराकर सेलेक्शन कराता था। डॉ. सागर ने भोपाल और इंदौर के कई अफसरों के बेटे-बेटियों के नाम बताए थे, जिनका फर्जीवाड़े के जरिए पीएमटी में प्रवेश कराया था। इससे पहले डॉ. दीपक यादव ने भी डॉ. सागर का नाम लिया था। दोबारा डॉ. सागर का नाम आने के बाद पुलिस इसे इंदौर से ग्वालियर पूछताछ के लिए लाएगी। साथ ही भोपाल में रैकेट के सरगना रहे विंध्यवासिनी को भी पूछताछ के लिए ग्वालियर लाया जाएगा। एएसपी वीरेंद्र जैन के अनुसार संभवत: 19 सितंबर काे इन दोनों काे ग्वालियर लाया जाएगा। यहां दोनों को कोर्ट में प्रस्तुत कर रिमांड पर लिया जाएगा। वहीं व्यापमं के संविदा कर्मचारी बृजमोहन जाटव की तलाश में पुलिस भोपाल, इंदौर भिंड पहुंची है।