ग्वालियर बना ओवरऑल चैंपियन
मेजबानग्वालियर का तैराकी दल यहां खेली गई 20वीं मेयर राज्य स्तरीय एक्वाथलॉन और ट्रायथलॉन प्रतियोगिता में ओवरऑल चैंपियन बना। मेजबान दल ने विभिन्न अायु वर्ग में सर्वाधिक 109 अंक बनाकर चैंपियनशिप की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। वहीं इंदौर 19 अंक के साथ दूसरे तथा भोपाल 14 अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहा। दो दिवसीय प्रतियोगिता का समापन महापौर समीक्षा गुप्ता ने विजेता और उपविजेता तैराकों को ट्रॉफी प्रदान कर किया। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता रामेश्वर भदाैरिया विशेष अतिथि बतौर मौजूद रहे।
जिला ट्रायथलॉन संघ और नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में तरण पुष्कर पर हुई इस दो दिवसीय प्रतियोगिता के अंतिम दिन रविवार को ट्रायथलॉन में विभिन्न आयु वर्ग में बालक-बालिका तैराकों के बीच एक से बढ़कर एक मुकाबले हुए। ट्रायथलॉन के सीनियर वर्ग में नेहा बघेल ने दो घंटे 44 मिनट 36 सेकंड में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं बालक के जूनियर वर्ग में ग्वालियर के ही जसवंत सिंह राठौर ने बाजी मारी। प्रतियोगिता के समापन समारोह में सर्वप्रथम नगर निगम के खेल अधिकारी सत्यपाल सिंह चौहान, आयोजन सचिव सचिन पाल, मानवेंद्र सिंह चौहान और त्रिलोक सिंह चाहर ने अतिथियों का स्वागत किया।