- Hindi News
- बाजारों में टॉयलेट नहीं तो जुर्माना क्यों
बाजारों में टॉयलेट नहीं तो जुर्माना क्यों
खुलेमें टॉयलेट करने वालों पर जुर्माना मत करिए सर। बाजारों में टॉयलेट ही नहीं बने हैं, ऐसे में लोग कहां जाएंगे। सुविधाएं मिले तो लोग खुद ही गंदगी नहीं करेंगे। शुक्रवार को यह बात दौलतगंज में दुकानदारों ने नगर निगम के अपर आयुक्त एमएल दौलतानी से कही। श्री दौलतानी दौलतगंज, दही मंडी और हजीरा क्षेत्र में गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों पर जुर्माना कर रहे थे। व्यापारियों ने अपर आयुक्त से कहा कि टॉयलेट करने वालों पर जुर्माना नहीं होना चाहिए। इससेे बेहतर है कि जनसुविधाएं बढ़ाई जाएं। इस पर अपर आयुक्त ने कहा कि बाजार में हर जगह शौचालय नहीं बनाए जा सकते। अभियान में कुल 16 चालान कर 17 हजार 500 रुपए वसूले गए।
शहर में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नगर निगम की मुहिम के तीसरे दिन दौलतगंज से कार्रवाई शुरू की गई। यहां गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों को समझाईश दी गई। वहीं दही मंडी में सड़क पर गंदगी मिली। गंदगी फैलाने वाली पांच डेयरियों से एक-एक हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। एक होटल संचालक पर 250 रुपए का जुर्माना लगाया गया। दौलतगंज स्थित नाथ ट्रेडर्स से कुछ दूरी पर गंदगी फैलाने वाले कबाड़ियों को समझाईश देकर सफाई कराई गई। हजीरा में गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों एक डेयरी संचालक का चालान कर जुर्माना वसूला गया। अपर आयुक्त को एक कबाड़ी की दुकान पर सीवर साफ करने वाली छड़ें मिलींं। जो निगम के सफाई कर्मियों को दी जाती हैं। इन लोहे की छड़ों को जब्त कर लिया गया है। ये यहां कैसे आईं इसकी पड़ताल कराई जाएगी।
रोज सफाई करने वाले व्यापारी का अपर आयुक्त ने किया सम्मान
दौलतगंजमें व्यापारी मुरारीलाल शर्मा काे अपर आयुक्त एमएल दौलतानी ने सम्मानित किया। मुरारीलाल शर्मा रोज अपने घर के आसपास झाड़ू लगाकर सफाई करते हैं। इनसे प्रेरणा लेकर अन्य व्यापारियों ने भी सफाई शुरू की है। इसके साथ ही इन्होंने सफाई करने की अपील के बोर्ड भी बाजार में लगवाए हैं।