पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पिता को बंदूक देकर कह गया था भाई की हत्या का बदला लो

पिता को बंदूक देकर कह गया था- भाई की हत्या का बदला लो

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ग्वालियर. बिजाैली में जीजा-साले की हत्या का षड्यंत्र रचने के मामले में पुलिस ने 43 आर्म्स ब्रिगेड के लांस नायक सुभाष बारोलिया को गिरफ्तार कर लिया। डेढ़ साल पहले इसके चचेरे भाई अवधबिहारी की हत्या कर दी गई थी। तभी यह छुट्टी पर आया था और अपनी लाइसेंसी रायफल अपने पिता को यह कहकर दे गया था कि वह भाई की हत्या का बदला लें।

बिजौली-सोनी रोड पर 28 दिसंबर की शाम को राजेंद्र सिंह राणा निवासी ग्राम गुर्री और साले प्रीतम सिंह निवासी बिजौली को घेरकर फायरिंग की गई थी। हत्या का बदला लेने के लिए सुभाष अपनी लाइसेंसी रायफल पिता को दे गया था और कह गया था कि हत्या का बदला जरूर लें। वरना जरूरत पड़ने वह खुद लाइसेंसी बंदूक का उपयोग कर लेगा।
हत्या की वारदात में सुभाष के भाई बंटी ने रायफल का उपयोग किया और इसके बाद 6 जनवरी को यह रायफल सुभाष के पास पटियाला पहुंचा दी। सुभाष ने रायफल को कंपनी कोत में जमा करा दिया। सुभाष ने पुलिस के सामने षड्यंत्र में अपनी हिस्सेदारी स्वीकार कर ली है। पुलिस अब रायफल बरामद करने के लिए पटियाला जाएगी।

धमकी दे रहे हैं: बिजौली में राजेन्द्र व उसके साले प्रीतम की हत्या के मामले में फरार आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग मृतक के परिजन ने की है। जनसुनवाई में पहुंचे रूपेंद्र राणा का कहना था कि इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को तो गिरफ्तार कर लिया जबकि अन्य आरोपी अब भी फरार हैं और वे अब धमका रहे हैं।
32 बोर की पिस्टल से चलाई थी गोली
कंपू के जवाहर कॉलोनी में एलआईसी एजेंट संजय नीखरा के घर गोली 32 बोर की पिस्टल से गोली चलाई गई थी। पुलिस को घटना स्थल से गोली भी मिल गई है। टीआई कंपू डीबीएस तोमर के अनुसार इस मामले में जाहर सिंह, मनोज जैन तथा दो अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है और मनोज जैन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हमले की वजह प्राॅपर्टी से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है। पुलिस अब उन बदमाशों को तलाश कर रही है जो गोली चलाने के लिए आए थे।
चेकिंग में पुलिस ने रोका तो युवकों ने की झूमाझटकी
हजीरा थाने के पास मंगलवार की शाम चेकिंग कर रही पुलिस ने बाइक सवार तीन युवकों को रोका तो उन्होंने पुलिस से अभद्रता कर दी। वहीं एक एसआई से भी उलझ गए। पुलिस ने अभद्रता करने वाले गोसपुरा निवासी सुबेर सिंह, फूलसिंह राजपूत व एक अन्य शामिल है।
सरपंच प्रत्याशी को धमकाया, मामला दर्ज
मोहना थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ागांव से चुनाव लड़ रहे आनंद शर्मा ने मोहना थाना पुलिस से शिकायत की है कि पांच फरवरी को उन्हें फोन पर धमकाया गया था कि चुनाव प्रचार में ज्यादा नहीं उड़ें अन्यथा ठीक नहीं होगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।