- Hindi News
- इंदौर इंटरसिटी में बदमाशों ने सवा लाख रुपए का माल लूटा, पथराव कर भागे
इंदौर इंटरसिटी में बदमाशों ने सवा लाख रुपए का माल लूटा, पथराव कर भागे
इंदौरसे ग्वालियर रही इंटरसिटी को निशाना बनाते हुए रविवार तड़के बदमाशों ने यात्रियों के साथ लूटपाट कर लगभग सवा लाख रुपए का माल पार कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने चेन पुलिंग कर इंटरसिटी रोक दी और ट्रेन पर पथराव कर अंधेरे में गायब हो गए। घटना रुठियाई और गुना स्टेशन के बीच रविवार तड़के लगभग साढ़े तीन बजे की है। इसके बाद मऊगुढ़ा थाने की पुलिस को लूट की सूचना दी गई। पुलिस के गश्ती दल ने घेराबंदी की तो कुछ बदमाश बाइक से जाते दिखे। एक की बाइक स्टार्ट नहीं हुई तो बदमाश उसे मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।
तानसेन नगर निवासी सौरभ दुबे इंदौर इंटरसिटी से ग्वालियर रहे थे। सौरभ इंदौर की एडकॉप इंग्राम कंपनी में रीजनल बिजनेस मैनेजर हैं। वे एस-1 में बर्थ नंबर 71 पर सो रहे थे। उनके पास 66 नंबर बर्थ पर साधना गोसाईंवाल सो रही थीं। रविवार तड़के तीन बजे ट्रेन रुठियाई स्टेशन पर रुकी तो छह बदमाश अलग-अलग कोचों में सवार हो गए। ट्रेन चली तो बदमाशों ने लूटपाट शुरू कर दी। दो बदमाश कोच एस-1 में घुस गए। पहले बदमाशों ने साधना का बैग उठाकर ट्रेन से बाहर फेंक दिया। इसके बाद उन्होंने सौरभ दुबे का लैपटॉप वाला बैग उठाया। तभी सौरभ की नींद खुल गई। इसी दौरान ट्रेन में चेन पुलिंग हो गई। सौरभ ने बैग ले जा रहे बदमाश का पीछा किया तो वह धक्का देकर ट्रेन से कूद गया। इसके बाद बदमाशों ने इंटरसिटी पर पथराव कर दिया। सौरभ ने ग्वालियर पहुंचकर जीआरपी थाने में मामला दर्ज कराया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शिवपुरी निवासी एक महिला की चेन भी बदमाशों ने लूटी है। सौरभ के बैग में एक लैपटॉप, पैन ड्राइव, नेट कनेक्टर सहित तमाम कीमती सामान था। वहीं साधना की क्रिकेट किट, मार्कशीट, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र सहित जरूरी कागजात थे। लूटे गए माल की कीमत सवा लाख रुपए बताई गई है।