- Hindi News
- शहर में 28 को दिखेगा क्लासिक बाइक्स का दम
शहर में 28 को दिखेगा क्लासिक बाइक्स का दम
देशकी मेट्रो सिटी की तर्ज पर शहर में पहली बार लोगों को क्लासिक बाइक्स की राइड देखने को मिलेगी। ट्रायम्फ कंपनी प्रोस्टेट कैंसर जागरूकता के लिए 28 सितंबर को वर्ल्ड वाइड डिस्टिंग्विश जेंटलमैन राइड (डीजीआर ) निकालेगी। इसमें देश के सात शहरों को शामिल किया गया है। पहली बार इस राइड के लिए ग्वालियर को शामिल किया गया है। ग्वालियर में यह राइड 28 सितंबर की सुबह 8 बजे शुरू होगी। इसमें लगभग तीस बाइकर्स शामिल होंगे। इसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रोसेस शुरू हो गई है। अभी तक इसमें सबसे ज्यादा युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। सिटी कोऑर्डिनेटर शेखू राजा ने बताया कि जब उन्हें इस राइड के बारे में पता लगा तो उन्होंने कंपनी के ऑनर्स से बातचीत की। इसके बाद इस राइड की मंजूरी सिटी में मिल गई। इस राइड के जरिए जो भी राशि एकत्रित होगी वह ट्रायम्फ कंपनी प्रोस्टेट कैंसर की रोकथाम के लिए खर्च की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह राइड थीम रोड से सुबह आठ बजे से शुरू होगी। इसकी परमिशन के लिए पत्र जिला प्रशासन को भी लिखा है।
कंपनी द्वारा कराई जा रही डीजीआर देश के सात शहरों में होगी। इसमें ग्वालियर के अलावा दिल्ली, मुंबई, पुणे, चंडीगढ़, बेंगलुरू और चेन्नई शहर शामिल है। इससे पहले तक कंपनी महज मेट्रो में ही यह राइड आयोजित करती थी।
ऐसे करा सकते हैं रजिस्ट्रेशन
क्लासिक बाइक चलाने वाले इच्छुक लोग रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन करा सकते है। इसके लिए वेबसाइट gentlemansride.com जाना होगा। इस वेबसाइट पर दांयी ओर रजिस्ट्रेशन की सारी प्रक्रिया दी गई है।
छत्री गेट से शुरू होगी राइड
डीजीआर शहर की थीम रोड स्थित छत्री गेट से सुबह आठ बजे से शुरू की जाएगी। राइड कंपू, महाराज बाड़ा, सराफा, ग्वालियर फोर्ट होती हुई शहर के अन्य मार्गों से निकलेगी। इस दौरान लोगों को प्रोस्टेट कैंसर से जागरूक करने का संदेश दिया जाएगा। साथ ही उन्हें राइड का उद्देश्य भी बताया जाएगा।
upcoming event