अनन्या क्वार्टर फाइनल में
खेल संवाददाता| ग्वालियर. मेजबानखिलाड़ी अनन्या झा ने यहां खेली जा रही ऑल इंडिया रैंकिंग टैलेंट टेनिस चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। उन्होंने सोमवार को खेले गए अंडर 18 आयु वर्ग के एक आसान मुकाबले में भोपाल की मेहमान खिलाड़ी रूही शर्मा को 6-0, 6-1 से शिकस्त देकर अपने खाते में पहली सफलता दर्ज की। वहीं बालकों के इसी आयु वर्ग में मेजबान खिलाड़ी प्रांजल तिवारी ने इंदौर के मनन को और अंडर 14 आयु वर्ग में भी ग्वालियर के ही दक्ष प्रसाद ने अपने ही शहर के यश राज शर्मा को हराकर मुख्य दौर के दूसरे राउंड में जगह बनाई। चैंपियनशिप का उद्घाटन डॉ. गीता नरहरि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
सिटी सेंटर स्थित टेनिस स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में आयोजित चैंपियनशिप में सोमवार को बालिकाओं के अंडर 18 आयु वर्ग में ग्वालियर की प्रकृति बनवानी ने होशंगाबाद की आध्या तिवारी को 6-0,-1 से, भोपाल की सारा यादव ने अपने ही शहर की रुबीता मीना को 6-0, 6-2 से तथा इंदौर की पान्या भल्ला ने भोपाल की तुशिता सिंह को 6-0, 6-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की। इसके अलावा बालकों के अंडर 14 आयु वर्ग में मुदित शर्मा, अभिमन्यु तोमर, अनिरुद्ध नायर, देवांग शर्मा, कुश अरजरिया, प्रतीक उपाध्याय (सभी ग्वालियर के), इंदौर के पराक्रम और भोपाल के गोरांग मिश्रा ने मुख्य दौर का पहला पड़ाव पार किया। इसी तरह अंडर 18 आयु वर्ग में इंदौर के विवेक ठाकुर, भोपाल के गोरांग मिश्रा और इंदौर के अनमोल यादव ने अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई। चैंपियनशिप के उद्घाटन अवसर पर विक्रम अवार्डी अनुराग ठाकुर और चीफ कोच प्रफुल्ल अरजिरया आदि मौजूद थे।