- Hindi News
- मप्र में नेशनल हाइवे की हालत देश में सबसे बदतर: गडकरी
मप्र में नेशनल हाइवे की हालत देश में सबसे बदतर: गडकरी
केंद्रीयभूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने माना कि मप्र में नेशनल हाइवे की हालत देश में सबसे खराब है। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में हुए भेदभाव के कारण मप्र को नेशनल हाइवे के रखरखाव के लिए पर्याप्त राशि नहीं मिली।
वीडियो लिंक्ड प्रेस कांफ्रेंस में भोपाल से पूछे एक सवाल के जवाब में गडकरी ने कहा कि आप शिवराज जी से कह दीजिए,अब चिंता करें। नेशनल हाइवे के सुधार के लिए केंद्र मप्र की पूरी मदद करेगा। अगले चार महीने में मप्र में एनएच का रुका हुआ काम शुरु हो जाएगा और दो साल में सड़कों को दुरुस्त कर दिया जाएगा।
प्रदेश में 4709 किमी नेशनल हाइवे में से करीब 2600 किमी का रखरखाव नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) करती है। एनएचएआई के हिस्से वाले ज्यादातर नेशनल हाइवे की हालत ज्यादा खराब है। प्रदेश सरकार लगातार यह मांग कर रही है कि या तो एनएचएआई इन सड़कों का रखरखाव करे या हमें सौंप दे। ज्यादातर नेशनल हाइवे का रखरखाव ठेकेदारों द्वारा काम बीच में छोड़ने के कारण बंद है। इनमें कुछ मामले कोर्ट में भी हैं।
पीडब्ल्यूडी मंत्री सरताज सिंह ने कहा कि नेशनल हाइवे के रखरखाव से संबंधित मामलों को सुलझाने के लिए हम तेजी से काम कर रहे हैं।
-इन सड़कों की हालत है सबसे खराब
-भोपाल-विदिशा-सांची
-ग्वालियर-शिवपुरी-देवास
-ग्वालियर-झांसी
-रीवा-जबलपुर-लखनादौन