- Hindi News
- संपर्कक्रांति के कोच में लगी आग, हादसा टला
संपर्कक्रांति के कोच में लगी आग, हादसा टला
ग्वालियर. झांसीसे आगरा की ओर जा रही यशवंतपुर-चंडीगढ़ संपर्कक्रांति एक्सप्रेस के एस-4 कोच के नीचे शुक्रवार को सुबह आग लग गई। ट्रेन का ग्वालियर में स्टॉपेज नहीं है और ट्रेन स्टेशन से थ्रू जा रही थी। कोच के नीचे लगी आग को रेलवे कर्मचारियों ने देखा और ट्रेन को ड्राइवर-गार्ड को सूचना देकर ट्रेन को रोका गया। बाद में तीन घंटे की मशक्कत के बाद कोच को ट्रेन से हटाकर सुबह 11 बजे आगरा की ओर रवाना किया गया। स्टेशन के स्टॉफ से चूक होने पर ट्रेन आगे जाकर पटरी से उतर सकती थी और कोच में भी आग लग सकती थी। हादसे के कारण सचखंड एक्सप्रेस को लगभग आधा घंटे तक ग्वालियर में रोके रखा
शुक्रवार को सुबह लगभग 8.10 बजे ग्वालियर से थ्रू जा रही संपर्कक्रांति के एस-4 कोच के एक्सल के नीचे आग लगने की सूचना आरआरआई केबिन पर डिप्टी एसएस राजेश शुक्ला को इनडोर डिप्टी एसएस संजय हयारण ने दी। डिप्टी एसएस श्री शुक्ला ने तत्काल वाकीटॉकी पर ट्रेन के ड्राइवर गार्ड से संपर्क कर एस-4 कोच के नीचे आग लगने ट्रेन को रोकने को कहा। सूचना मिलते ही ड्राइवर ने तत्काल बिरलानगर स्टेशन पर ट्रेन को रोक दिया।
घटना की सूचना पर डिप्टी एसएस पीएस चौहान तत्काल मेंटेनेंस अमले को साथ लेकर ट्रेन पर पहुंचे। मेंटेनेंस अमले ने निरीक्षण के दौरान इस कोच के साथ ट्रेन को आगे ले जाने की स्वीकृति देने से इंकार कर दिया। इस पर तत्काल कोच को ट्रेन से अलग कर यात्रियों को दूसरे कोचों में शिफ्ट करने की कार्रवाई की। सभी यात्रियों को दूसरे कोचों में शिफ्ट कर आगरा दिल्ली स्टेशन पर कोच की व्यवस्था करने की सूचना देकर ट्रेन को 11 बजे के बाद आगरा के लिए रवाना किया गया।