ग्वालियर। शहर में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ देर से ही सही लेकिन नगर निगम ने कड़ा रुख अपना लिया है। निगम अफसरों की निगाह अब उन मैरिज गार्डनों पर भी है, जो शादी समारोह या अन्य आयोजनों के बाद अंदर और बाहर कचरा छोड़ देते हैं। इन पर चालान किया जाएगा। वहीं गंदगी फैलाने पर रविवार को कंपू स्थित मैरिज गार्डन महावीर भवन ट्रस्ट को नोटिस थमाया गया है। साथ ही कंपू, ईदगाह क्षेत्र नया बाजार क्षेत्र में गंदगी फैलाने वाले 17 लोगों से 6500 रुपए जुर्माना वसूला गया।
निगम के अपर आयुक्त एमएल दौलतानी ने गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कंपू से जुर्माने की कार्रवाई शुरू की। यहां घोड़ा पालने वाले और सड़क पर रेत फैलाने वालों से 250-250 रुपए जुर्माना वसूला गया। रेत फैलाने वाला निगम का ही रिटायर्ड कर्मचारी निकला। इसके बाद ईदगाह पर चिकन-मटन शॉप की छह दुकानों से जुर्माना वसूला। नया बाजार में एसएस कचौड़ी वाले पर 1000 रुपए का जुर्माना लगाया गया। अपर आयुक्त और अमले को देखकर कई दुकानदारों ने सफाई करना शुरू कर दी थी।
दुकान साफ और सड़क पर गंदगी
ईदगाह से कंपू तक मटन-चिकन शॉप सहित कई ऐसी दुकानें मिलीं, जिनके अंदर तो सफाई थी लेकिन बाहर अतिक्रमण के साथ गंदगी कर रखी थी। अपर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन दुकानों के बाहर का अतिक्रमण हटाया जाए।
खूब खाओ गुटखा, तुम्हारी ही पीढ़ी होगी बर्बाद
ईदगाह पर मटन शॉप के बाहर एक युवक को गुटखा खाकर थूकते देख अपर आयुक्त ने टोका तो युवक ने आगे जाकर नाली में थूका। अपर आयुक्त ने युवक के साथ पास खड़े लोगों को समझाइश दी- आप लोग खूब गुटखा खाइए, इससे आपकी ही आने वाली पीढ़ियां बर्बाद होंगी। इसके बाद यहां मौजूद लोगों ने गुटखा खाने की शपथ ली।