पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • आईडी प्रूफ बदलकर परीक्षा देने आए, रोका तो किया हंगामा

आईडी प्रूफ बदलकर परीक्षा देने आए, रोका तो किया हंगामा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ग्वालियर। फार्म में लगाए गए आईडी प्रूफ लिए बिना रविवार को परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे परीक्षार्थियों को रोकने पर उन्होंने हंगामा कर दिया। ऐसा एक दो नहीं कई केंद्रों पर हुआ। परीक्षार्थी फार्म में लगे आईडी प्रूफ के अलावा दूसरे आईडी प्रूफ से परीक्षा में प्रवेश की मांग कर रहे थे। रविवार को व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) द्वारा आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक (महिला) पद के लिए दो पालियों में परीक्षा आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के लिए 40 केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर 17 हजार 948 परीक्षार्थियों की व्यवस्था की गई थी।

आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक परीक्षा की पहली पाली सुबह 9 बजे से चालू हुई। इसमें सीधी भर्ती वाले परीक्षार्थी शामिल हुए। दूसरी पाली दोपहर दो बजे से चालू हुई। व्यापमं के स्पष्ट निर्देश थे कि परीक्षार्थी ने फार्म भरते समय जो आईडी प्रूफ लगाएं हैं वही देखकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाए। दूसरी तरफ कई परीक्षार्थी परीक्षा देते वक्त आईडी बदलकर ले गए (जिन्होंने आधार कार्ड लगाए वे वोटर पैन कार्ड लेकर पहुंचे) और इससे उन्हें परीक्षा देने से रोक दिया गया।

28 दिसंबर को उपयंत्री की परीक्षा

व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने अगले छह माह में 20 से ज्यादा प्रस्तावित परीक्षाओं की सूची कलेक्टर के पास भेजी है। इन सभी परीक्षाओं में बड़ी संख्या में परीक्षार्थी शामिल होने हैं, इसलिए अभी से तैयारी करने को कहा गया है। संविदा शाला शिक्षक वर्ग-1 की परीक्षा 21 दिसंबर को हो सकती है। एक सप्ताह बाद 28 दिसंबर को उपयंत्री (सिविल) की परीक्षा प्रस्तावित है। जनवरी में चार परीक्षाएं कौशल विकास, आर्थिक सांख्यिकी, राजस्व निरीक्षक की परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। संविदा शाला शिक्षक वर्ग-2 की परीक्षा 15 फरवरी को जबकि वर्ग-3 के लिए पात्रता परीक्षा 5 अप्रैल को होना संभावित है।