गहोई समाज ने सामाजिक नींव को मजबूत किया
गहोईवैश्य समाज वृहत्तर ग्वालियर के तत्वावधान में राष्ट्र कवि डॉ. मैथिलीशरण गुप्त गहोई वैश्य भवन का लोकार्पण रविवार को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने किया। इस मौके पर नव निर्वाचित पार्षदों और समाजसेवियों का सम्मान भी किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि गहोई समाज ने सभी को साथ रखकर व्यावसायिक एवं सामाजिक नींव को मजबूत किया है। समाज के सहयोग से भवन निर्माण करने पर सभी को बधाई दी। इस मौके पर समाज के नवनिर्वाचित पार्षद बृजेश गुप्ता, घनश्याम दास गुप्ता तथा भवन निर्माण में सहयोग करने वाले दानदाताओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम संयोजक दिनेश गेंडा, सुरेश चंद्र कस्तवार ने बताया कि समाज के भवन के लिए सीएम ने भूमि आवंटित की थी। यह भवन 45 लाख की लागत से तैयार किया गया है। महाराज बाड़ा स्थित कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि नव निर्वाचित महापौर विवेक शेजवलकर, वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैलाश नारायण सांवला, महामंत्री सतीश महतेले, पूर्व अध्यक्ष राधेश्याम कुचिया, सुधीर गुप्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाज के अध्यक्ष ओमप्रकाश डेंगरे ने की।