भगवान महावीर और शांतिनाथ का अभिषेक
तीन दिवसीय वेदी महोत्सव
श्रीशांतिनाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर फालका बाजार के तत्वावधान में तीन दिवसीय वेदी महोत्सव में सोमवार को भगवान चंद्रप्रभु महामंडल विधान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भगवान महावीर और भगवान शांतिनाथ का अभिषेक किया गया।
श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर में वेदी स्थापना को सात साल पूरे हो गए हैं। इस उपलक्ष्य में वेदी महोत्सव मनाया जा रहा है। वेदी महोत्सव में सोमवार को विधानाचार्य वीरेंद्र कुमार जैन सह विधानाचार्य राकेश जैन के मार्गदर्शन में भगवान महावीर और भगवान शांतिनाथ का अभिषेक किया गया। भगवान की शांति धारा सत्यप्रकाश ने की। इस अवसर पर प्रेमप्रकाश जैन ने भजन सुनाए।
जैन समाज के प्रवक्ता सचिन जैन ने बताया कि विधानाचार्य वीरेंद्र जैन के मार्गदर्शन में जिनेंद्र कुमार, सत्यप्रकाश जैन ने सपरिवार चंद्रप्रभु महामंडल विधान पूजन अर्चना प्रारंभ की। इंद्र-इंद्राणियों ने केसरिया वस्त्र धारण कर विधि-विधान से अष्ट द्रव्य से पूजा-अर्चना कर 108 महा अर्घ समर्पित किए। इस मौके पर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष कुशल चंद्र जैन, सचिव आनंद जैन, पारस जैन, राजीव जैन, जैन मिलन ग्वालियर की अध्यक्ष रेखा जैन, ममता जैन, सरूपी जैन, सचिन जैन मौजूद थे।