ग्वालियर. सड़क पार करते समय बाइक से टकराए आठवीं कक्षा के छात्र को पहले बाइक सवार ने पीटा फिर थाने ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया। यहां मौजूद सिपाही ने पहले उसे मुर्गा बनाया फिर पिटाई भी की। खबर मिलने पर छात्र के परिजन पहले थाने पहुंचे आैर टीआई संजय मिश्रा से उक्त सिपाही के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग करने लगे।
इसके बाद उन्होंने एसएसपी से शिकायत की। शिकायत के बाद एसएसपी ने सिपाही डोंगरसिंह को सस्पेंड करने के आदेश दे दिए हैं। घटना मंगलवार सुबह ग्वालियर थाना क्षेत्र के सेवानगर की है। एसएसपी ने बाइक चालक को भी तलाश करने के लिए कहा है।
उपनगर ग्वालियर के सेवानगर में रहने वाला छात्र सन्नी कक्षा आठ का छात्र है, स्कूल की छुट्टी होने पर स्कूल से घर जा रहा था। जैसे ही वह स्कूल से बाहर निकला एक बाइक सवार युवक ने गाड़ी उसके पैर पर चढ़ा दी।
बाइक सवार युवक ने छात्र के साथ मारपीट की और उसे लेकर ग्वालियर थाने पहुंचा और सिपाही डोंगर सिंह के हवाले कर दिया। डोंगर सिंह ने छात्र को थाने में बैठाकर युवक को वहां से रवाना कर दिया। सिपाही ने छात्र को पंद्रह मिनट तक थाने में मुर्गा बनाए रखा और डंडे से पीटा भी।
इस तरह का व्यवहार सहन नहीं होगा
छात्र से थाने में मारपीट की जानकारी मिली थी। पुलिस का इस तरह का व्यवहार सहन नहीं किया जाएगा। सिपाही को तुरंत ही सस्पेंड करने के निर्देश दिए थे तथा उस बाइक चालक को भी तलाश किया जा रहा है जिसने छात्र के साथ मारपीट कर उसे थाने में छोड़ा था। संतोष कुमार सिंह, एसएसपी