जनवरी में हो सकते हैं मुरैना ननि चुनाव
{पंचायत चुनाव होंगे तीन चरणों में
नगरसंवाददाता|ग्वालियर. भाेपाल,इंदौर, मुरैना जबलपुर, छिंदवाड़ा कुछ अन्य नगरीय निकायों के चुनाव पंचायत चुनाव के साथ जनवरी में हो सकते हैं। पंचायत चुनाव को लेकर भोपाल में मंगलवार को बैठक में इस पर चर्चा की गई। दोनों चुनाव एक साथ होने से ज्यादा ईवीएम की जरूरत होगी। दूसरी तरफ ईवीएम बनाने वाली कंपनी ने और मशीनें उपलब्ध कराने में असमर्थता व्यक्त की है। राज्य निर्वाचन आयुक्त आर परशुराम के अनुसार इसी वजह से पंचायत चुनाव तीन चरणों में कराए जाएंगे। पंच की तरह सरपंच का चुनाव भी बैलेट पेपर से ही कराया जाएगा। बैठक में इन चरणों की विधिवत घोषणा तो नहीं की गई पर दोनों चुनाव 10 जनवरी से 10 फरवरी के बीच कराने के संकेत मिले हैं। सूत्र बताते हैं कि 17 से 20 के बीच में आचार संहिता लागू होगी और 22 दिसंबर से नामांकन भरने की प्रक्रिया चालू हो सकती है। जनपद जिला पंचायत अध्यक्ष के आरक्षण का काम 12 दिसंबर को होगा। उल्लेखनीय है कि ग्वालियर में 4 हजार पंच 256 सरपंचों का चुनाव होना है।