कॉलेज के गेट से लौटाए छात्र
एमआईटीएसप्रबंधन ने बिना यूनिफॉर्म, हेलमेट और आई कार्ड के आने वाले छात्र-छात्राओं को मंगलवार को कॉलेज में प्रवेश नहीं दिया। इनके अलावा संस्थान के उस स्टाफ को भी प्रवेश नहीं दिया गया जो बिना हेलमेट लगाए दो पहिया वाहन से संस्थान में आए थे। साथ ही कार से आने वालों को सीट बेल्ट लगाने की हिदायत दी गई है।
अनुशासन बनाए रखने के साथ छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा के लिए एमआईटीएस प्रबंधन ने पहले ही आदेश जारी किया था कि संस्थान में छात्रों को आई कार्ड के साथ और यूनिफॉर्म पहनकर आना होगा। जो छात्र दो पहिया वाहन से आते हैं, उन्हें हेलमेट लगाकर आने पर ही प्रवेश दिया जाएगा। दो पहिया वाहन से आने वाले स्टाफ को भी निर्देश दिए गए थे कि वे हेलमेट लगाकर ही आएं।
मंगलवार को एमआईटीएस के प्रभारी डायरेक्टर आरके गुप्ता स्वयं गेट पर खड़े हो गए। उन्होंने बिना यूनिफाॅर्म और दो पहिया पर बिना हेलमेट लगाए आने वाले छात्रों को गेट पर ही राेक लिया और यह कहकर वापस कर दिया कि वे यूनिफॉर्म पहनकर आएं।
दो पहिया वाहन से आने वाले छात्रों को हेलमेट लगाकर आने के साथ सभी को आई कार्ड साथ रखने की हिदायत दी। बिना हेलमेट लगाए दोपहिया वाहन से आने वाले स्टाफ को भी उन्होंने यह कहकर वापस कर दिया कि वे हेलमेट पहनकर ही संस्थान में आएं। लिहाजा स्टाफ के सदस्य वापस घर गए और हेलमेट पहनकर आए। गौरतलब है कि प्रबंधन को ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि बाहरी छात्र कॉलेज में आकर माहौल बिगाड़ते हैं। बाहरी छात्र कॉलेज में प्रवेश नहीं कर पाएं, इसीलिए छात्रों को आई कार्ड लाना अनिवार्य किया गया है। मंगलवार को कुछ ऐसे छात्र भी आए जिनका आई कार्ड गुल हो गया है। इन छात्रों को डुप्लीकेट आई कार्ड बनाकर दिया गया।
बिना हेलमेट आने वालों को वापस करते कॉलेज का स्टाफ।