- Hindi News
- गौरव, अतुल अमित ने भाजपा नेताओं के नाम लिए तो पुलिस ने साध ली चुप्पी
गौरव, अतुल अमित ने भाजपा नेताओं के नाम लिए तो पुलिस ने साध ली चुप्पी
प्री-पीजी और पीएमटी फर्जीवाड़े में व्यापमं से कनेक्शन रखने वाले गिरोह के सदस्यों ने पुलिस के सामने भिंड मुरैना के कद्दावर भाजपा नेताओं और अफसरों के नामों का खुलासा किया है। इन लोगों ने व्यापमं में फर्जीवाड़े के जरिए अपने बेटे-बेटियों और रिश्तेदारों का मेडिकल कॉलेज में एडमिशन कराया था। भाजपा नेताओं के नाम सामने आने के बाद पुलिस ने चुप्पी साध ली है। पुलिस अफसर कहते हैं कि फर्जीवाड़े के आरोपियों ने कुछ बड़े नाम बताए हैं, लेकिन उनके बारे में तथ्य जुटाने और तस्दीक करने से पहले कुछ नहीं कहा जा सकता।
व्यापमं के कर्मचारियों के जरिए आंसर शीट के गोले काले करवाकर मेडिकल कॉलेज में प्रवेश दिलवाने वाले गिराेह के सदस्य गौरव भदौरिया, अतुल शर्मा और अमित शर्मा ने खुलासा किया है कि उन्होंने भिंड के एक भाजपा नेता के दामाद और दूसरे भाजपा नेता की बेटी को फर्जीवाड़े के जरिए प्रवेश दिलवाया था। इसके अलावा मुरैना के एक भाजपा विधायक का नाम भी इन्होंने लिया है, जिसे रैकेट के बारे में जानकारी थी और इस फायदा भी अपने रिश्तेदारों को दिलवाया था। भाजपा नेताओं के नाम सामने आने के बाद मामले की जांच कर रहे पुलिस अफसरों ने चुप्पी साध ली है। एएसपी वीरेंद्र जैन कहते हैं कि कुछ नाम आरोपियों ने बताए हैं, इनके बारे में तस्दीक करवाई जा रही है।
आरोपी विकास
बांदा के डॉक्टर ने ढाई लाख में दिलाया था बेटे को एडमिशन, बेटा गिरफ्तार
पुलिसने गजराराजा मेडिकल कॉलेज के 2010 बैच के मेडिकल छात्र विकास माहौर को गिरफ्तार किया है। इसने ढाई लाख रुपए देकर मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लिया था। विकास के पिता बांदा, उत्तरप्रदेश के शासकीय अस्पताल में डॉक्टर हैं। एएसपी वीरेंद्र जैन ने बताया कि कुछ दिन पहले एक गुमनाम शिकायत मिली थी कि गजराराजा मेडिकल कॉलेज के 2010 बैच के छात्र विकास माहौर ने भी फर्जी तरीके से प्रवेश लिया है। पुलिस ने मामले की जांच की तो शिकायत सही पाई गई। पुलिस ने विकास माहौर को पकड़कर पूछताछ की तो उसने बताया कि गांधी मेडिकल कॉलेज भोपाल के छात्र विनय कुमार पटेल को उसने 2010 में ढाई लाख रुपए दिए थे। इसने उसके स्थान पर फर्जी परीक्षार्थी को बैठाया और उसके बाद उसका सेलेक्शन हो गया।
{ भिंड और मुरैना के भाजपा नेता ने अपने बेटे-बेटियों का फर्जी तरीके से मेडिकल कॉलेज में कराया था एडमिशन