ग्वालियर. आनंद नगर कांचमिल स्थित नाले पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद मुक्त कराई गई तीन दुकानों में क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक-5 (ब) खोला जाएगा। यह निर्देश कलेक्टर पी. नरहरि और नगर निगम कमिश्नर अजय गुप्ता ने शनिवार को मौके का निरीक्षण करने के बाद निगम अफसरों को दिए। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर आंगनबाड़ी केंद्र भी खोला जाएगा।
कांच मिल में रहने वाले विश्राम सिंह भदौरिया ने सरकारी नाले पर अतिक्रमण कर दुकान और मकान का निर्माण कर लिया था। जिला प्रशासन से नोटिस मिलने के बाद भी श्री भदौरिया ने अवैध निर्माण नहीं हटाया। इसके बाद शुक्रवार को प्रशासनिक अफसरों ने जेसीबी मशीन लगाकर एक मकान छह दुकानों को तोड़ दिया था।
अफसरों ने तीन दुकानों को इसलिए नहीं तोड़ा क्योंकि आसपास के मकानों को नुकसान हो सकता था। कार्रवाई के दौरान श्री भदौरिया ने अफसरों को पुन: कब्जा करने की चेतावनी दी थी। इसको लेकर कलेक्टर पी. नरहरि एवं निगम कमिश्नर अजय गुप्ता शनिवार को कांचमिल पहुंचे। कलेक्टर ने मौके से मलबा हटाने नाले की सफाई कराने के निर्देश दिए।
वहीं निगम कमिश्नर अजय गुप्ता ने कलेक्टर से क्षेत्रीय कार्यालय खोलने के लिए तीनों दुकानों की मांग की। कलेक्टर ने दुकान आवंटित करने के निर्देश दिए। इन दुकानों में निगम का क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक-5 (ब) खोला जाएगा।