पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • गद्दारों को चौराहों पर सिखाएं सबक

गद्दारों को चौराहों पर सिखाएं सबक

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कांग्रेस के हारे हुए प्रत्याशी आक्रोश में बोले, जिलाध्यक्ष ने कहा- जल्द होगी कार्रवाई

नगर संवाददाता|ग्वालियर

बिजलीनिजीकरण के खिलाफ शुक्रवार को आयोजित होने वाला धरना और 15 दिसंबर को ग्वालियर बंद की तैयारियों को लेकर कांग्रेस कार्यालय में बुलाई गई बैठक में एक बार फिर नगर निगम चुनाव में हार का मुद्दा गरमा गया। हारे हुए पार्षद प्रत्याशियों ने वरिष्ठ नेताओं पर दोषारोपण करते हुए कहा कि पार्टी के ऐसे गद्दारों को चौराहों पर सबक सिखाना चाहिए। हार से गुस्साए पार्षद पुरुषोत्तम भार्गव ने बृजेश शर्मा पर आरोप लगाते हुए कहा कि बाहर से आए हुए इन नेताओं की वजह से निगम चुनाव में पार्टी की ऐसी दुर्गति हुई है।

कुछ देर के लिए बैठक का माहौल गरमा गया। हारे हुए प्रत्याशियों ने गाली-गलौज तक कर डाली। मामला बिगड़ता देख पार्टी के जिलाध्यक्ष दर्शन सिंह ने कहा कि भितरघात से संबंधित जो भी शिकायतें उनके पास आई हैं, वे सभी अनुशासन समिति को भेज दी गई हैं। जल्द ही इस मामले में समिति निर्णय लेगी। इतना ही नहीं दो-तीन दिन में वे सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया से भी विस्तृत चर्चा करेंगे। हारे हुए पार्षद केशव मांझी ने बसंत शर्मा पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी में प्रदेश स्तर का पद लेकर भी उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के लिए काम किया और अपनी ही पार्टी काे हरवाया। हारे हुए प्रत्याशी मोहित जाट और विमला पाल ने भी वरिष्ठ नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक ऐसे दलाल पार्टी में रहेंगे तब तक कांग्रेस कभी चुनाव नहीं जीत पाएगी। उनका यह भी कहना था कि गद्दारी करने वालों के मन में चोर है और इसी कारण वे पार्टी की बैठकों तक में आने से बच रहे हैं।

धरना आज: बिजलीनिजीकरण के खिलाफ कांग्रेस शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे फूलबाग चौराहे पर धरना देगी। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दर्शन सिंह का कहना है कि किसी भी कीमत पर बिजली का निजीकरण नहीं होने दिया जाएगा। शहर के सभी उपभोक्ता बिजली का बिल भर रहे हैं। पिछले एक साल में बिजली कंपनी का मुनाफा भी बढ़ा है। इसके बाद निजीकरण की जरूरत नहीं है। इस मुद्दे पर कांग्रेस 15 दिसंबर को ग्वालियर बंद कराएगी।