- Hindi News
- सक्रिय बदमाशों ने बदल दी पुलिस की सुरक्षा स्टाइल
सक्रिय बदमाशों ने बदल दी पुलिस की सुरक्षा स्टाइल
शहरमें बदमाशों की बढ़ती सक्रियता ने पुलिस की चेकिंग स्टाइल बदल दी है। चौराहों पर पुलिस अब अतिरिक्त मुस्तैदी से चेकिंग करने लगी है। एक पुलिसकर्मी चौराहे पर चेकिंग करता है तो दूसरा हथियार लेकर सतर्क खड़ा रहता है। पिस्टल रखने वाले पुलिसकर्मी इसे डोरी से बांधकर रखते हैं। साथ ही बार-बार टटोलकर देखते हैं कि पिस्टल सुरक्षित है या नहीं। थानों में सुबह हाजिरी (गणना) के साथ आर्म्स ड्रिल की जा रही है। अफसर हथियारों को सुरक्षित रखने के टिप्स दे रहे हैं। पिछले एक महीने में पिस्टल लूटने के लिए बदमाशों ने एक सिपाही और एएसआई की हत्या की है। इसके बाद ही पुलिसकर्मियों ने अपनी स्टाइल बदली है।
बदमाशों ने एक महीने पहले दीनदयाल नगर में सिपाही वीकेश गुर्जर और दस दिन पहले शब्दप्रताप आश्रम पर एएसआई आरके गौतम की हत्या कर पिस्टल लूट ली थी। इन वारदात ने पुलिस अफसरों को चिंता में डाल दिया है कि वह अपने हथियारबंद जवानों को कैसे बचाएं। इसके बाद एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने थानों में प्रतिदिन आर्म्स ड्रिल कराने के निर्देश दिए हैं। अब थानों में प्रतिदिन पुलिसकर्मियों को सिखाया जा रहा है कि वे किस तरह से हथियार रखें, इनके साथ कैसे चेकिंग करें। यदि साथी जवान चेकिंग करता है तो दूसरे जवान को किस तरह पोजीशन लेकर सतर्क रहना है। यह ट्रेनिंग महज थानों तक ही सीमित नहीं है। अफसर सड़क पर किसी पुलिसकर्मी को लापरवाह ढंग से हथियार के साथ खड़ा देखते हैं, तो वहां भी हथियार सुरक्षित रखने के टिप्स देते हैं।