- Hindi News
- हरियाणा के राज्यपाल सोलंकी का नागरिक अभिनंदन आज
हरियाणा के राज्यपाल सोलंकी का नागरिक अभिनंदन आज
ग्वालियर. हरियाणाके राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी का नागरिक अभिनंदन रविवार सुबह 11 बजे बाल भवन में किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय इस्पात एवं खनिज मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर करेंगे। राज्यपाल श्री सोलंकी सुबह 9.30 बजे विशेष विमान से ग्वालियर आएंगे। अभिनंदन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में चिकित्सा मंत्री नरोत्तम मिश्रा, महिला बाल एवं विकास मंत्री माया सिंह, सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री लालसिंह आर्य, सांसद मुरैना अनूप मिश्रा, सांसद भागीरथ प्रसाद, विधायक जयभान सिंह पवैया, नारायण सिंह कुशवाह, घनश्याम पिरोनिया, भारत सिंह, वेदप्रकाश शर्मा, बृजेंद्र सिंह जादौन, अभय चौधरी आदि मौजूद रहेंगे। महापौर समीक्षा गुप्ता ने शनिवार शाम को बाल भवन प्रागंण में अभिनंदन समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। वहीं रविवार की शाम 5 बजे राज्यपाल श्री सोलंकी डॉ. भगवत सहाय मेडिकल सभागार में हिंदी साहित्य सभा दौलतगंज द्वारा आयोजित हिंदी सेवी एवं शिक्षक सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। समारोह में मुख्य वक्ता अभा साहित्य परिषद के संगठन मंत्री श्रीधर पराड़कर होंगे। इस मौके पर सभा द्वारा श्री सोलंकी का सम्मान भी किया जाएगा।