नाराज महापौर ने लौटाईं सुविधाएं
ग्वालियर|नगर निगमप्रशासन के रवैये से नाराज महापौर समीक्षा गुप्ता ने अपना कार्यकाल खत्म होने से एक माह पहले ही निगम की सुविधाएं लौटा दी हैं। इनमें गाड़ी, टेलीफोन कर्मचारी आदि शामिल हैं। निगम चुनाव की आचार संहिता लगते ही महापौर ने लालबत्ती लगी गाड़ी को निगम के वर्कशॉप में भेज दिया था। इसके साथ ही निगम अफसरों ने उनके बंगले पर लगा टेलीफोन अन्य सुविधाएं भी हटा ली थीं। विभागीय अफसरों के अनुसार तीन दिसंबर को ही महापौर ने कमिश्नर को पत्र लिखकर सुविधाएं हटाने के संबंध में जानकारी भी मांगी थी। इन सुविधाओं को सोमवार को वापस देने के लिए जब निगम कर्मी महापौर के निवास पर पहुंचे तो उन्होंने सुविधाएं लेने से इनकार कर दिया।
इतना ही नहीं, निगम के सचिव ने इसकी लिखित सूचना निगम कमिश्नर अजय गुप्ता को भी दे दी है। इस मामले में बात करने पर महापौर ने कहा कि ये सुविधाएं एक माह बाद वापस करना ही थीं, तो एक माह पहले वापस कर दीं। उधर स्टेडियम के सामने स्थित महापौर के बंगले में भी कमिश्नर की नेम प्लेट लग गई है।