बड़ागांव से कबाड़े में आया था बम
ग्वालियर| पड़ावके तानसेन रोड पर मिला बम मुरार के बड़ागांव से कबाड़े में आया था। पुलिस ने सड़क किनारे बम रखने वाले कबाड़ी से पूछताछ की तब यह तथ्य सामने आया। पुलिस ने कबाड़ी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
तानसेन रोड पर पुरानी बनियान फैक्ट्री के बाहर रविवार की सुबह एक बम मिला था। बम रखा होने की सूचना यहां पर पंक्चर की दुकान चलाने वाले मुन्ना खान ने दी थी। इस शक्तिशाली बम के मिलने के बाद यहां पर सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने बम को मेला ग्राउंड में विस्फोट कर नष्ट किया था। इसके बाद पुलिस यहां पर बम रखने वाले को तलाश कर रही थी। इस बीच पता चला कि मुन्ना खान की दुकान के नजदीक कबाड़े का कारोबार करने वाले मुन्नालाल खटीक ने बम रखा है। इसके बाद पुलिस ने मुन्ना खटीक को गिरफ्तार कर लिया। मुन्ना ने पुलिस काे बताया कि वह कुछ दिन पहले बड़ागांव से कबाड़ा खरीदकर लाया था, उसमें ही यह बम निकला था। खुद को झंझट से बचाने के लिए उसने इसे सड़क किनारे रख दिया था।