ग्वालियर. पॉशएरिया सिटी सेंटर में एसपी ऑफिस से महज सौ मीटर की दूरी पर सालासर शॉपिंग मॉल के पीछे मंगलवार को दिन दहाड़े फायरिंग होने से सनसनी फैल गई। यहां छात्रों के दो गुटों के बीच झगड़ा हुआ और मारपीट के दौरान एक गुट ने फायरिंग कर दी। सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक फायरिंग करने वाले छात्र भाग चुके थे।
जिस छात्र की पिटाई हुई, वह पुलिस को मौके पर मिल गया। इसने बताया कि सोमवार शाम को दीनदयाल नगर में उसका विवाद हुआ था। उन लोगों ने यहां बात करने के लिए उसे बुलाया था। फायरिंग के दौरान दो युवक बाल-बाल बच गए।
दीनदयाल नगर में रहने वाला अजय शर्मा निजी इंजीनियरिंग कॉलेज से बीई कर रहा है। सोमवार शाम को वह अपने घर के पास खड़ा था। वहां दो युवकों के बीच झगड़ा हो रहा था। अजय का कहना है कि झगड़े में वह बीच-बचाव करने के लिए गया तो वहां मनीष तोमर गया।
इस दौरान उसका विवाद मनीष तोमर से भी हो गया। वहां मनीष ने उससे कहा कि वह उसे बाद में देख लगा। इसके बाद मंगलवार दोपहर लगभग दो बजे मनीष ने अजय शर्मा को फोन करके बातचीत के लिए सिटी सेंटर क्षेत्र में बुलाया। अजय इससे बातचीत के लिए सिटी सेंटर स्थित सालासर शॉपिंग मॉल पार्किंग के पास पहुंच गया।
यहां मनीष अपने दोस्त आनंद, किशन, नितिन और संदीप के साथ पहले से ही मौजूद था। जैसे ही अजय पार्किंग के पास पहुंचा मनीष उसके साथियों ने गालीगलौज करते हुए उसके साथ मारपीट कर दी। इस दौरान इन्होंने फायरिंग भी की। इसके अलावा यहां अपने दोस्तों के साथ बैठे एक अन्य छात्र विकास राणा के साथ भी इन लोगों ने मारपीट कर दी।
अजय ने बताया कि मनीष के दोस्त संदीप और आनंद कह रहे थे कि उनके पिता अरुण तोमर पुलिस में है। इसलिए उनका कोई कुछ नहीं कर सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अजय का कहना है कि उस पर हमला करने वालों ने तीन फायर किए। टीआई एसपी सक्सेना ने बताया कि यहां के लोग फायरिंग होने की बात कह रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है।