ग्वालियर. जीवाजी यूनिवर्सिटी के मैनेजमेंट विभाग में प्रेस्टीज इंस्टीट्यूट के मास्टर ऑफ एप्लाइड मैनेजमेंट (एमएएम) के छात्रों के साथ मारपीट करने के अारोप में प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने मंगलवार को बीबीए के चार छात्रों को सस्पेंड कर दिया। तीन छात्रों को सात दिन के लिए और एक छात्र को 15 दिन के लिए सस्पेंड करने का आदेश जारी किया गया है।
इन छात्रों को अभिभावकों के साथ प्रॉक्टोरियल बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत होने को कहा गया है। वहीं एमएएम के छात्रों ने बीबीए के छात्रों पर लूट रैगिंग लेने के आरोप लगाए हैं। इन आरोपों को रजिस्ट्रार प्रो. आनंद मिश्रा ने मनगढ़ंत बताया है। उन्होंने कहा- ऐसे आरोप लगाकर जेयू को बदनाम करने की कोशिश की गई है।
प्रॉक्टोरियल बोर्ड की मंगलवार को बैठक हुई। इससे पहले बीबीए के समन्वयक प्रो. उमेश होलानी से छात्रों के बीच हुए झगड़े के संबंध में बयान लिए गए। उन्होंने चार छात्रों के नाम बताए, जो झगड़े में शामिल थे। इसके बाद बोर्ड ने बीबीए पांचवें सेमेस्टर के छात्र राजा गुर्जर, शैलेंद्र गुर्जर करनेंद्र को सात दिन और शिवराज यादव को 15 दिन के लिए सस्पेंड करने के आदेश जारी किए।
तीन छात्रों को बोर्ड ने 22 सितंबर को और शिवराज यादव को 29 सितंबर को अभिभावकों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए। सोमवार को मैनेजमेंट विभाग में एक छात्रा का नाम पूछने पर बीबीए के छात्रों से प्रेस्टीज इंस्टीट्यूट के एमएएम के छात्रों के बीच मारपीट हो गई थी। प्रेस्टीज इंस्टीट्यूट के छात्र मैनेजमेंट विभाग में सेकंड सेमेस्टर का पेपर देने आए थे।