- Hindi News
- महालक्ष्मी से मांगी संतान और सुहाग की दीर्घायु
महालक्ष्मी से मांगी संतान और सुहाग की दीर्घायु
आश्विनकृष्ण पक्ष की अष्टमी पर मंगलवार को सुहागिनों ने महालक्ष्मी का पूजन किया। सुहागिनों ने महालक्ष्मी से सुहाग और संतान की दीर्घायु की कामना की।
महिलाओं ने मिट्टी के बने हाथी पर विराजमान महालक्ष्मी की मूर्ति का षोडोषोपचार पूजन किया और महालक्ष्मी की कथा सुनी। इसके उपरांत दान-पुण्य कर प्रसाद ग्रहण किया। सिंधी समाज में भी महालक्ष्मी का पूजन किया गया। इस मौके पर चेतकपुरी, हरीशंकरपुरम सहित सिंधी समाज के सभी पंडितों के घर महालक्ष्मी का पूजन किया गया। चेतकपुरी स्थित मंदिर पर पप्पू महाराज के सानिध्य में महालक्ष्मी की पूजा की गई। अशोक शर्मा उर्फ पप्पू महाराज ने महालक्ष्मी की कथा सुनाई तथा प्रसाद वितरित किया। इसी तरह अनिल महाराज ने दानाओली स्थित झूलेलाल मंदिर में, दीपू महाराज ने दानाओली और समाधिया कॉलोनी में महालक्ष्मी का पूजन कराया। दीपू महाराज ने पूजन कर महालक्ष्मी की कथा सुनाई। ज्योतिषाचार्य पं. विजयभूषण वेदार्थी ने बताया कि सुहागिन महिलाएं राधा अष्टमी से महालक्ष्मी की पूजा करती हैं, जिसका समापन आश्विन कृष्ण पक्ष की अष्टमी को होता है।
डीडवाना ओली में सामूहिक रूप से महालक्ष्मी का पूजन करतीं महिलाएं। फोटो:भास्कर