- Hindi News
- स्टेशन की पार्किंग में कार के पहिया चुराते तीन पकड़े
स्टेशन की पार्किंग में कार के पहिया चुराते तीन पकड़े
ग्वालियर| रेलवेस्टेशन की पार्किंग में खड़ी कारें भी सुरक्षित नहीं हैं। सोमवार-मंगलवार की रात प्लेटफार्म नंबर-1 स्थित पार्किंग में एक कार के नीचे पत्थर लगाकर पहिया चुराते तीन बदमाशों को आरपीएफ ने पकड़ लिया। इन बदमाशों को पड़ाव पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
सुरेश नगर निवासी राजनारायण शर्मा अपनी कार एमपी 07-0302 से रिश्तेदार को छोड़ने स्टेशन आए थे। श्री शर्मा ने प्लेटफार्म नंबर-1 स्थित पार्किंग में कार खड़ी की और रिश्तेदार के साथ स्टेशन पर चले गए। यहां पहले से ही मौजूद साकेत नगर निवासी पीयूष गुप्ता, जितेंद्र कुशवाह और योगेश सोनी कार के पास पहुंचे। तीनों ने मिलकर कार के नीचे बड़े पत्थर लगाए। इसके बाद कार का पहिया खोलने लगे। रात में सफाईकर्मी मुन्नालाल की कार पार्किंग में ड्यूटी थी। मुन्नालाल की निगाह कार का पहिया खोल रहे तीनों युवकों पर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना आरपीएफ थाने में दी। आरपीएफ स्टाफ मौके पर पहुंचा तो तीनों युवक पहिए का कवर खोल चुके थे। आरपीएफ स्टाफ ने तीनों को पकड़कर पड़ाव पुलिस के हवाले कर दिया। पड़ाव टीआई अनिल उपाध्याय ने बताया कि आरपीएफ ने तीन युवकों को पकड़ा है। कोई फरियादी नहीं होने पर युवकों पर 151 के तहत कार्रवाई की गई।