ग्वालियर. गोला का मंदिर इलाके में रेसकोर्स रोड पर एक बस ने रविवार शाम लगभग छह बजे स्कूटी सवार भाई-बहन को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। ड्राइवर बस छोड़कर भाग गया।
बस रोड पर खड़ी होने से लगभग एक घंटे ट्रैफिक जाम रहा। पुलिस ने घायल भाई बहन को अस्पताल पहुंचाया। देर रात पुलिस को भाई की मौत की सूचना अस्पताल से मिली। पुलिस ने बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
हजीरा इलाके में रहने वाले आकाश तोमर अपनी बहन पूनम के साथ शाम को मेला देखकर बस स्टैंड की ओर स्कूटी से रहे थे। रेसकोर्स रोड पर एलएनआईपीई के पास एटीएम के नजदीक बस क्रमांक यूपी 75 एम 6997 ने इनकी स्कूटी में टक्कर मार दी।
हादसे में भाई-बहन छिटककर सड़क पर जा गिरे और ड्राइवर बस छोड़कर भाग निकला। बस में यात्री भी सवार थे। बस बीच रोड पर खड़ी रहने से ट्रैफिक जाम हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर पुलिस पहुंची और घायल भाई-बहन को अस्पताल भेजकर बस एक तरफ करवाई।
हाईवेपर ट्रक टकराए, ट्रैफिक जाम: पुरानीछावनी के रायरू के पास हाईवे पर रविवार की देर रात दो ट्रक टकरा गए। जिससे ट्रैफिक जाम हो गया। सूचना मिलते ही पुरानी छावनी थाना पुलिस पुलिस मौके पर पहुंच गई, और ट्रक को हटवाने का प्रयास किया।