ग्वालियर. शिंदे की छावनी के नजदीक लक्ष्मण तलैया घाटी पर रविवार शाम चार लोगों ने एक युवक के रुपए लूटे और मारपीट कर गोली मार दी। गोली युवक के पेट में लगी। उसे जेएएच में भर्ती कराया गया है।
गोली मारने वाला युवक का परिचित बताया गया है, जिसने सौ रुपए मांगे और देने पर गोली मार दी। बताया गया है कि युवक के पास रखे 32 हजार 600 रुपए भी लूटे गए हैं। वारदात में कुल चार आरोपी शामिल बताए गए हैं। पुलिस प्राथमिक जांच में मामले को संदिग्ध मान पड़ताल में जुट गई है।
लक्ष्मण तलैया निवासी रमेश चंद शर्मा ने बताया कि उनका बेटा आशू (23) शाम लगभग सात बजे बाइक से निकला था। आशू के बड़े भाई की हाल ही में शादी हुई है। शादी में बना वीडियो कैटरिंग का बकाया पेमेंट देने के लिए आशू निकला था कि खल्लासीपुरा में झम्मन नाम के युवक ने उसे रोक लिया। झम्मन ने आशू से सौ रुपए मांगे।
रुपए नहीं दिए तो वह आशू को अपनी बाइक पर बैठाकर लक्ष्मण तलैया घाटी पर ले गया। यहां आशू के रुपए झम्मन ने लूट कर मारपीट की और गोली मार दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए।
मामला संदिग्ध लग रहा है
फरियादी आशू और उसके परिजन रकम की राशि अलग-अलग बता रहे हैं। मामला संदिग्ध लग रहा है। पड़ताल के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। आरएसपरमार, टीआई ,बहोड़ापुर थाना