प्राचार्य पर फावड़े से मारने का आरोप
ग्वालियर| बहोड़ापुरइलाके के मोतीझील स्थित निजी स्कूल लवकुश ज्ञान मंदिर के छात्र ने स्कूल के प्राचार्य पर फावड़े से सिर पर वार करने का आरोप लगाया है। वहीं प्राचार्य का कहना है कि छात्र ने रास्ते में घेरकर उनसे मारपीट की है। बहोड़ापुर थाने की पुलिस ने छात्र की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
छात्र कांता प्रसाद कुशवाह (17) निवासी पुरानी छावनी बुधवार को दोपहर बहोड़ापुर थाने में शिकायत करने पहुंचा। इसका कहना था कि वह लवकुश ज्ञान मंदिर के प्राचार्य से पिछले काफी समय से टीसी निकलवाने की मांग कर रहा है। बुधवार की दोपहर उसका एक छात्र से विवाद हो गया। इसी बीच प्राचार्य भरतलाल शर्मा गए। इन्होंने उसके सिर में फावड़ा मार दिया। वहीं प्राचार्य भरतलाल शर्मा का कहना है कि कांता प्रसाद स्कूल में कुछ अन्य छात्रों से झगड़ रहा था। इसे डांटकर वह स्कूल से निकले ही थे कि कुछ दूरी पर इसने अपने कुछ दोस्तों के साथ उन्हें घेर लिया। लाठी से हमला कर दिया। मैंने हेलमेट लगाया था इसलिए चोट नहीं आई। इसके बाद यह लोग भागने लगे, इस दौरान कांता गिर पड़ा। टीआई बहोड़ापुर आरएस परमार का कहना है कि छात्र की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।