- Hindi News
- मप्र का शर्मनाक प्रदर्शन पंजाब की जीत की हैट्रिक
मप्र का शर्मनाक प्रदर्शन पंजाब की जीत की हैट्रिक
खेल संवाददाता| ग्वालियर. कैप्टनरूपसिंह स्टेडियम पर खेले जा रहे प्रैक्टिस मुकाबलों में मेजबान मप्र की टीम मंगलवार काे भी पंजाब के सामने असहाय सी नजर आई। मेहमान टीम के शानदार प्रदर्शन के आगे मेजबान खिलाड़ी गेंदबाजी और बल्लेबाजी में अपनी चमक बिखेरने में एक बार फिर नाकाम रहे। मेहमान टीम ने इस तीसरे प्रैक्टिस मुकाबले में मेजबान को 71 रन से करारी शिकस्त देकर छह प्रैक्टिस मैच की सीरीज में 3-0 से बढ़त बनाए हुए है। अंडर 19 आयु वर्ग की इस सीरीज में मेहमान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबान गेंदबाजों की जमकर खैर ली। पंजाब की तरफ से अमर पाल और नीलम बिष्ट की जोड़ी ने चौथे विकेट के लिए 183 रन की शतकीय साझेदारी कर अपनी टीम को 256 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। मेजबान गेंदबाजों की हवा खराब करने वाली अमर पाल ने 147 गेंदों का सामना कर 11 बाउंड्री की मदद से 101* रन की शतकीय पारी खेली, जबकि उनका साथ निभाने वाली नीलम ने 58 गेंदों में 13 बाउंड्री और दो सिक्स की मदद से 76 रन की निजी पारी खेली। मप्र की तरफ से यशी पांडे ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए। इसके बाद जवाब में खेलने उतरी मप्र विपक्षी गेंदबाजों के आगे 5/185 रन ही बना सकी। यशी पांडे की एक मात्र ऐसी बल्लेबाज रहीं, जिन्होंने 52 रन की अर्धशतकीय पारी खेल टीम के लिए कुछ संघर्ष किया था। इसके अलावा नुजहात परवीन ने 40, शिवी पांडे और निकिता सिंह ने 31-31 रन बनाए।