- Hindi News
- नए उड़द की आवक से दाल पांच रुपए किलो तक सस्ती
नए उड़द की आवक से दाल पांच रुपए किलो तक सस्ती
{प्रदेश की मंडियों में कुल 11 हजार बोरी के करीब आवक हुई।
व्यापारसंवाददाता|ग्वालियर
मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र एवं उत्तर प्रदेश की सीमावर्ती मंडियों में नए उड़द की आवक शुरू हो गई है। मध्य प्रदेश के नीमच, मंदसौर, आगर, शिवपुरी एवं कटनी से लेकर विलासपुर तक अलग-अलग मंडियों में मंगलवार को कुल 11 हजार बाेरी उड़द की आवक हुई। लूज उड़द सीड के भाव 4000 से 4100 रुपए प्रति क्विंटल के बीच बोले गए। राजस्थान के जोधपुर में पुराना उड़द 4900 रुपए तथा मुंबई पोर्ट पर 4800 रुपए बिकने की खबर है।
जानकारों ने बताया कि राजस्थान का नया उड़द नवरात्र में आने की संभावना है। उड़द सीड में गिरावट से ग्वालियर के थोक बाजार में दाल उड़द क्वालिटी अनुसार चार से पांच रुपए प्रति किलो सस्ती होकर 65 से 71 रुपए और दाल उड़द मोगर भी चार से पांच रुपए प्रति किलो की नरमी लेकर 74 से 80 रुपए बिक रही थी। कारोबारियों के अनुसार गत वर्ष उड़द का उत्पादन घटकर 14 लाख टन के करीब हुआ था, जो कि इस बार 25 लाख टन के करीब होने का अनुमान रहा है। उधर भारत के साथ-साथ पाकिस्तान, बंगलादेश एवं नेपाल में भी उड़द का पुराना स्टॉक समाप्ति की ओर है। दिल्ली में उड़द नीचे वाले भाव पर लोकल दाल मिलों की लिवाली से 150 से 175 रुपए बढ़कर एसक्यू के भाव 6190 से 6200 रुपए प्रति क्विंटल हो गए।