ग्वालियर. पड़ाव से सेवानगर जा रहा एक टेंपो शनिवार दोपहर कब्रिस्तान के सामने पलट गया। हादसे में टेंपो के ड्राइवर की मौत हो गई। मृतक के परिजन का आरोप है कि उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सेवानगर में पानी की टंकी के पास रहने वाले अरशद उर्फ कालिया (28) टेंपो चलाते थे। शनिवार दोपहर करीब दो बजे वे टेंपो की सर्विसिंग करवाकर घर लौट रहे थे। सेवानगर कब्रिस्तान के सामने टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में अरशद टेंपो के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन, पड़ाव और ग्वालियर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया। इस दौरान परिजन ने अरशद की हत्या करने का आरोप लगाया।
परिजन पप्पन का कहना है कि लाले और गोपाल उर्फ सतीश इसे रास्ते में मिले थे और शराब के लिए रुपए मांग रहे थे। फोन पर बातचीत के दौरान अरशद ने उसे यह बात बताई थी। दोपहर में लाले और गोपाल टेंपो में बैठकर उससे रुपए लेने के लिए झगड़ रहे थे। तभी इन्होंने स्टेयरिंग घुमा दी, जिससे टेंपो पलट गया और अरशद की मौत हो गई। मृतक के भाई फिरोज ने बताया कि वे तीन भाई थे। दो भाई मजदूरी करते हैं। अरशद की कमाई से ही घर का खर्च चलता था।