पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • जिलाबदर कराने की धमकी देकर मांग रहा था ~5 हजार

जिलाबदर कराने की धमकी देकर मांग रहा था ~5 हजार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ग्वालियर. देहात के बेहट थाने में धारा 110 के आरोपी (बाउंड ओवर) से रिश्वत ले रहे हवलदार को लोकायुक्त ने पकड़ लिया। हवलदार युवक को जिलाबदर कराने की धमकी देकर रिश्वत ले रहा था। हवलदार को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ने के लिए एक डीएसपी, चार इंस्पेक्टर, दो हवलदार, एक सिपाही का दल थाने पहुंचा था। हवलदार के खिलाफ सस्पेंड की कार्रवाई के लिए लोकायुक्त ने जानकारी एसएसपी को भेज दी है।

लोकायुक्त एसपी संतोष सिंह गौर से बेहट निवासी पोहप सिंह गुर्जर ने दो दिन पहले शिकायत की कि बेहट थाने का हवलदार टुंडाराम रिश्वत मांग कर रहा है। कुछ मामलों में आरोपी होने के कारण पुलिस ने पोहप सिंह को बाउंड ओवर किया है। टुंडाराम ने पोहप को धमकी दी थी कि यदि पांच हजार नहीं दिए तो वह उसे जिलाबदर करा देगा। पोहप ने हवलदार से मिन्नत की तो वह दो हजार रुपए लेने को राजी हो गया। इसके बाद लोकायुक्त एसपी ने रिकॉर्डिंग की प्रक्रिया पूरी कर शनिवार दोपहर डीएसपी धर्मवीर सिंह, इंस्पेक्टर आरबी शर्मा, शैलेंद्र गोविल, नरेंद्र त्रिपाठी, कवींद्र सिंह, इकबाल को बेहट थाने भेजा।
पोहप सिंह सुबह हवलदार टुंडाराम से बात कर उसके बुलावे पर दोपहर में बेहट थाने पहुंचा। हवलदार थाना परिसर के बरामदे में बने कमरे में कुर्सी पर बैठा था। पोहप सिंह के पहुंचते ही हवलदार ने अपनी टेबल की दराज खोल दी और कहा कि रुपए इसमें रख दो। रुपए रखने के बाद उसने दराज बंद कर दी।

टीम को देखते ही कहने लगा-हाथ धुलवा लो, मैंने रिश्वत नहीं ली

जैसे ही लोकायुक्त टीम कमरे में पहुंची तो टीम के परिचय देने से पहले ही हवलदार बोल उठा कि मैंने रिश्वत नहीं ली। उसने होशियारी दिखाते हुए रिश्वत के रुपए शिकायतकर्ता से ही दराज में रखवाए थे। अपनी होशियारी का प्रदर्शन टीम के सामने भी किया और लोकायुक्त टीम कार्रवाई करती उससे पहले ही वह बोल उठा- आप हाथ धुलवा लो, मैंने रिश्वत ली ही नहीं है। इसके बाद लोकायुक्त टीम ने अपनी कार्रवाई की।