- Hindi News
- मीडिएशन के लिए हो मीडिया कैंपेन: जस्टिस गंगेले
मीडिएशन के लिए हो मीडिया कैंपेन: जस्टिस गंगेले
मीडिएशन के लिए मीडिया को कैंपेन चलाना चाहिए। इससे गांव में बैठा पक्षकार भी मीडिएशन के प्रति जागरूक होगा। न्याय व्यवस्था का उद्देश्य अच्छे बेहतर समाज की कल्पना है। मीडिया का उद्देश्य भी सभ्य समाज की स्थापना है। मीडिएशन में पक्षकारों की सहमति से कुछ ही समय में समझौता हो जाता है। यह बात हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ के प्रशासनिक न्यायमूर्ति एसके गंगेले ने शनिवार को ‘मीडिएशन की जागरूकता में मीडिया की भूमिका’ विषय पर आयोजित कार्यशाला में कही। हाईकोर्ट के मीडिएशन हॉल में आयोजित कार्यशाला में प्रिंसिपल रजिस्ट्रार आरके गुप्ता भी मौजूद थे।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेमसिंह भदौरिया ने कहा कि मीडिएशन में पक्षकारों को समझौते सरलता का पाठ पढ़ाया जाता है। अतिरिक्त महाधिवक्ता एमपीएस रघुवंशी ने कहा कि शांति को किसी भी कीमत पर खरीदा नहीं जा सकता। स्टेट बार काउंसिल के उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा ने कहा कि पक्षकार अपने मामले का स्वयं ही बड़ा निर्णायक होता है। इसलिए मीडिएशन सबसे बेहतर न्याय प्रणाली है। वरिष्ठ पत्रकार डाॅ. राकेश पाठक ने कहा कि समाज में सभी व्यक्ति अपनी भूमिका ईमानदारी से निभाएं तो एक बेहतर समाज की कल्पना चरितार्थ होगी। दैनिक भास्कर के पत्रकार अंशुमन शर्मा ने कहा कि मीडिया लोगों को यह समझा सकता है कि मीडिएशन में पक्षकारों की आपसी सहमति से प्रकरणों में समझौता भी कराया जाता है। कार्यशाला में पत्रकार जावेद खान, अमित मंडलोई ने भी अपने विचार रखे।
कार्यशाला में मंचासीन (दाएं से) स्टेट बार काउंसिल के उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा, अतिरिक्त महाधिवक्ता एमपीएस रघुवंशी, जस्टिस एसके गंगेले, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेमसिंह भदौरिया।