ग्वालियर. एकव्यक्ति ने कर्मचारी को झांसा देकर 11 लाख 10 हजार का चेक ले लिया। इसके बाद चेक में काटछांट कर अपना खाता नंबर डाला और अफसर के फर्जी हस्ताक्षर भी कर लिए। इसके बाद ये रुपए उस व्यक्ति के अकाउंट में ट्रांसफर हो गए।
यह मामला कलेक्टोरेट में सामने आया है। जब शासन का यह पैसा बैंक के पास नहीं पहुंचा तो यह मामला उजागर हो गया। हालांकि अफसरों ने इस व्यक्ति को पुलिस का डर दिखाकर पूरे रुपए वापस ले लिए हैं। साथ ही इस मामले में दोषी लोगों पर कार्रवाई के लिए जांच भी शुरू कर दी गई है।
मुख्यमंत्री आर्थिक विकास योजना के तहत जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति ने पांच बेरोजगारों के नाम लोन मंजूर किया था। इनके प्रकरण सेंट्रल मप्र ग्रामीण बैंक गिरवाई शाखा में भेजे गए। सभी को 40 लाख 70 हजार रुपए मिलने थे। इसमें से 11 लाख 10 हजार का अनुदान सरकार को देना था। इसका चेक 25 मार्च को दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी रविन्द्र माहौर को बैंक में जमा कराने के लिए दिया गया। इस कर्मचारी को दफ्तर के बाहर ही विनोद माहौर मिला।
इसने कहा कि वह बैंक जा रहा है, वो उसे चेक दे दे वही जमा करवा देगा। विनोद ने बाद में व्हाइटनर की मदद से चेक पर अपना खाता नंबर डालकर फर्जी दस्तखत कर पैसा अपने खाते में जमा करवा लिया। इस बात का खुलासा होने पर कार्यपालन अधिकारी ने 21 अगस्त 21 अक्टूबर 2014 को दो बार पुलिस थाना हुजरात कोतवाली में दोषी व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर के लिए पत्र भेजा पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
इसी बीच कांग्रेस नेता गोपीलाल भारतीय ने कलेक्टर पी नरहरि संभाग आयुक्त केके खरे से इस मामले की शिकायत की। इसके बाद अफसर सक्रिय हुए और आरोपी विनोद माहौर पर दबाव बनाकर पुलिस का डर दिखाकर चार किश्तों में 11 लाख 10 हजार रुपए वसूल कर लिए।
चेक जब बैंक में नहीं पहुंचा तो इनके नाम मंजूर हुआ लोन
> बाल किशन कोरी-बुलेरो के लिए
> बलराम कोरी-बुलेरो के लिए
> द्वारिका कोरी- डंपर के लिए
> धर्मेंद्र कोरी- जूता-चप्पल व्यवसाय के लिए
> गजेंद्र सिंह कोरी- किराना दुकान के लिए
बैंक स्टाफ पर भी संदेह
हमारा पहला प्रयास सरकारी राशि की वसूली का था। यह काम पूरा हो गया है। इस मामले में बैंक अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति के स्टाफ की भी मिली भगत हो सकती है। इसी कारण जांच की जिम्मेदारी एसडीएम महीप किशोर तेजस्वी को सौंपी गई है। चेक में छेड़छाड़ करने वाले विनोद पर भी कार्रवाई होगी।' पीनरहरि, कलेक्टर, ग्वालियर