ग्वालियर. मानव तस्करी के गिरोह की धरपकड़ पीड़ितों को खोजने के लिए पुलिस अब इंटर स्टेट कम्युनिकेशन पर जोर दे रही है। इस दिशा में चल रहे काम का विश्लेषण करने के बाद सामने आया कि दूसरे राज्यों से तालमेल की कमी के कारण मानव तस्करी पर अंकुश नहीं लगाया जा सका है। इसे दूर करने के लिए एडीजी सीआईडी जीपी सिंह ने भोपाल में बुधवार को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल के अफसरों की बैठक बुलाई थी।
प्रदेश भर में पिछले साल एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल का गठन किया गया था। सेल के जरिये पुलिस अब मानव तस्करों के गिरोहों काे ही खत्म करना चाहती है। मानव तस्करी रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर प्रयास तेज किए गए।
कुछ महिलाओं की ओर से मामले भी दर्ज किए गए। यह मामले बहोड़ापुर और कोतवाली थाने में दर्ज किए गए थे। इन मामलों में कुछ गिरफ्तारियां भी हुई थीं। लेकिन पूरे गिरोह का खुलासा नहीं हो सका था।