एमआईटीएस कॉलेज बना चैंपियन
ग्वालियर. एमआईटीएसकॉलेज की टीम यहां खेली गई आरजीपीवी अंतर महाविद्यालयीन क्रिकेट प्रतियोगिता में चैंपियन बनी। उन्होंने बुधवार को खेले खिताबी मुकाबले में आईपीएस कॉलेज को पांच विकेट से शिकस्त देकर विजयी ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता का समापन भारतीय शिक्षण मंडल के अखिल भारतीय सहसंगठन मंत्री मुकुल कानिटकर ने विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कार प्रदान कर किया। विक्रांत कॉलेज में खेली गई क्रिकेट प्रतियोगिता में आईपीएस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 14 ओवर में 70 रन बनाए। जवाब में गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करने वाली एमआईटीएस ने 11 ओवर में पांच विकेट खोकर मैच और ट्रॉफी अपने नाम कर ली। विजयी टीम की तरफ से नीलेश ने 18 रन बनाने के साथ चार विकेट लेकर जीत के शिल्पकार बने। एमआईटीएस कॉलेज के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. बीपीएस भदौरिया ने खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन की सराहना की।