त्योहार पर सुरक्षा के लिए पुलिस चौकस
ग्वालियर| शहरमें त्योहारों के दौरान पुलिस ने चौकस इंतजाम किए हैं। शहर के बाजारों में अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात किया गया है इसके अलावा दशहरे तक चार नई पुलिस कंट्रोल रूम वैन भी तैनात की गई हैं। यह वैन डीडी नगर, आपागंज, केआरजी कॉलेज और विंडसर हिल तिराहे पर तैनात की गई हैं। अब शहर में 32 पीसीआर वैन तैनात रहेंगी। इसके अलावा एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने सीएसपी और टीआई से कहा है कि अपने वाहन में बलवा ड्रिल सामग्री, सर्च लाइट और वीडियो कैमरा रखें। श्री सिंह ने यह निर्देश एसएसपी ऑफिस सभागार में हुई बैठक में दिए।
श्री सिंह ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि दुर्गा पंडालों के आयोजक और कार्यकर्ताओं के मोबाइल नंबर अपने पास रखें तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में भी इनकी मदद लें। बैठक में एएसपी राहुल कुमार लोढ़ा, एएसपी(देहात) श्री योगेश्वर शर्मा मौजूद थे।