ग्वालियर. राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय भोपाल (आरजीपीवी) ने बीई एमई के पेपर पैटर्न में बदलाव कर दिया है। सेमेस्टर एग्जाम में सभी यूनिट से प्रश्न पूछे जाएंगे। साथ ही आठ की जगह पांच प्रश्न ही आएंगे। सभी प्रश्नों को हल करना होगा। अभी तक सेमेस्टर एग्जाम में आठ प्रश्न आते थे। इनमें से पांच प्रश्न हल करने होते थे। एमआईटीएस ने बदला हुआ पैटर्न लागू भी कर दिया है।
दरअसल, आरजीपीवी प्रशासन इंजीनियरिंग शिक्षा की गुणवत्ता में और सुधार करना चाहता है ताकि छात्रों के ज्ञान का स्तर बढ़े। बदले पैटर्न के चलते अब छात्रों को विस्तृत रूप से पढ़ाई करनी होगी। अभी तक छात्र बाजार में मिलने वाली सीरीज पढ़कर परीक्षा पास कर लेते थे।
70में से 35 नंबर के प्रश्न हल करना जरूरी: बदलेपैटर्न के अनुसार प्रत्येक प्रश्न में ए, बी पार्ट से दो-दो नंबर के प्रश्न पूछे जाएंगे। सी पार्ट से तीन नंबर का प्रश्न पूछा जाएगा। डी पार्ट में सात नंबर का प्रश्न पूछा जाएगा। इस प्रश्न में एक अथवा प्रश्न का विकल्प भी रहेगा। लेकिन ए, बी सी पार्ट में पूछे जाने वाले प्रश्न का उत्तर देना अनिवार्य है। मतलब 70 में से 35 नंबर के प्रश्न हल करना जरूरी है।
इसी सेमेस्टर से होगा लागू
बीईएमई सेमेस्टर के एग्जाम में पेपर का बदला हुआ नया पैटर्न इसी सेमेस्टर से लागू किया जाएगा। सभी विभागों को सूचना जारी कर दी गई है।' प्रो.एके वाधवानी, परीक्षानियंत्रक, एमआईटीएस