नीलू जादौन की खिताबी हैट्रिक
सरस्वतीशिशु मंदिर सीबीएसई केदारपुर में खेली गई विभागीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में मुरैना की नीलू जादौन ने खिताबी हैट्रिक बनाकर मैदान पर सनसनी फैला दी। नीलू ने 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर की दौड़ में फर्राटा भरते हुए अंडर 17 आयु वर्ग में तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किये। वहीं इसी स्पर्धा के बालकों में दतिया के निखिल चौहान, केदारपुर के मनीष कुमार और मुरैना के संजीव गुर्जर ने क्रमश: एक-एक स्वर्ण जीतने की सफलता हासिल की।
एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन सोमवार को अंबाह स्कूल के प्राचार्य राकेश समाधिया, पोरसा प्राचार्य रामनिवास शर्मा और मेजबान स्कूल के प्राचार्य मनोज गुप्ता ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रमाण-पत्र प्रदान कर किया। इस मौके पर मेजबान सरस्वती शिशु मंदिर सीबीएसई केदारपुर स्कूल के क्रीड़ा अधिकारी संतोष पुसालकर और प्रबल पुरोहित विशेष रूप से मौजूद रहे।